अचानक लापता होने से परिजन परेशान, ऋषिकेश आश्रम में मिली बिलासपुर से गायब महिला, मां और तीन बच्चे 10 दिन बाद पुलिस ने किया सकुशल बरामद
Family worried over sudden disappearance, woman missing from Bilaspur found in Rishikesh Ashram, mother and three children recovered safely by police after 10 days
बिलासपुर/तखतपुर : तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत सावा डबरा से लापता महिला कलेश्वरी और उसके तीन बच्चे आखिरकार 10 दिन बाद ऋषिकेश के एक आश्रम में सकुशल बरामद हुए. बताया जा रहा कि महिला अपने बच्चों के साथ बिना किसी को खबर दिए भगवत कथा सुनने ऋषिकेश गई हुई थी. परिवार के अचानक लापता होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही थी और परिजन लगातार चिंतित थे.
मिली जानकारी के मुताबिक महिला 4 मई को अपने तीन बच्चों उमेश 12 साल, लवण्या 9 साल और उग्रेश 5 साल के साथ बहन के घर जाने की बात कहकर निकली थी. लेकिन काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. पुलिस में शिकायत भी की. मामले में पुलिस की कार्रवाई धीमी होने की शिकायत को लेकर कलार समाज के प्रतिनिधियों ने तखतपुर थाना प्रभारी से मुलाकात कर जल्द खोजबीन की मांग भी की थी.
पुलिस ने खंगाले 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने जांच के दौरान करीब 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. साथ ही मुंगेली, कोरबा और बिलासपुर सहित कई स्थानों पर महिला और बच्चों की तलाश की. जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में महिला और बच्चों के उत्कल एक्सप्रेस में सफर करते दिखाई देने के बाद पुलिस को अहम सुराग मिला.
भगवत कथा सुनने बच्चों संग आश्रम पहुंची थी महिला
कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस को जानकारी मिली कि महिला अपने बच्चों के साथ ऋषिकेश में मौजूद है. इसके बाद तत्काल पुलिस टीम को ऋषिकेश रवाना किया गया. बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चों को लेकर भगवत कथा सुनने आश्रम पहुंची थी. इधर परिजन लगातार उनकी तलाश में परेशान थे और पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ था. फिलहाल महिला और बच्चे सुरक्षित हैं. जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



