ट्रांसपोर्ट नगर में ओम साई गैरेज की जलीं पांच कारें, इधर किसान की दो एकड़ पैरावट जलकर राख, वन परिक्षेत्र में अग्निकांड का आरोपी गिरफ्तार
Five cars belonging to Om Sai Garage in Transport Nagar were burnt, while two acres of a farmer's land was reduced to ashes. The accused in the forest fire was arrested.
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के कुल्हाड़ीघाट वन परिक्षेत्र के जंगल में आग लगाने वाले आरोपी गिरफ्तार
गरियाबंद : वन्य संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों पर वन विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के कुल्हाड़ीघाट वन परिक्षेत्र में जंगल में आग लगाने के मामले में आरोपी अर्जुन कमार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. आरोपी अब इस साल की होली जेल में ही मनाएगा.
मिली जानकारी के मुताबिक 2 मार्च 2026 को दर्ज पीओआर प्रकरण क्रमांक 06/03 के तहत अर्जुन कुमार नगरार को जंगल में आग लगाने के गंभीर अपराध में अर्जुन कमार को गिरफ्तार किया गया. 3 मार्च 2026 को अदालत में पेश करने के बाद आरोपी अर्जुन कमार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
किसान की दो एकड़ पैरावट जलकर राख
बिलासपुर : बिलासपुर। जिले के ग्राम विठल्दा में अज्ञात कारणों से लगी आग ने एक किसान की मेहनत पर पानी फेर दिया. आग की चपेट में आकर करीब दो एकड़ खेत में रखा पैरावट (फसल अवशेष) जलकर राख हो गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों की तत्परता और दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया जा सका. जिससे आसपास के घरों और अन्य संपत्तियों को बचा लिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक किसान बैसाखू राजपूत सहित अन्य किसानों का पैरावट खेत में रखा था. अचानक आग लगने से देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और सूखा पैरावट जलने लगा। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही दमकल विभाग को खबर दी.
आग तेजी से फैल रही थी और पास में रिहायशी मकान भी मौजूद थे. ऐसे में ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर पहले घरों और मकानों को सुरक्षित करने का प्रयास किया. दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया. किसान बैसाखू राजपूत ने बताया कि पैरावट के साथ-साथ मवेशियों के लिए रखा चारा, कटिया और अन्य चारागाह सामग्री भी आग में जल गई. इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो गया. उन्होंने कहा कि यह चारा पूरे साल मवेशियों के काम आता. लेकिन अब सबकुछ जलकर नष्ट हो गया.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग किया है कि प्रभावित किसान को उचित मुआवजा दिया जाए. ताकि वह अपने नुकसान की भरपाई कर सके. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रशासनिक अमला मामले की जानकारी जुटा रहा है.
इस घटना ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गर्मी के मौसम में खेतों में सूखी फसल और अवशेष होने के कारण आग की घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. ग्रामीणों ने अपील किया है कि प्रशासन आग से बचाव के लिए जागरुकता अभियान चलाए और प्रभावित किसान को जल्द राहत प्रदान करे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
ट्रांसपोर्ट नगर में ओम साईं गैरेज की पांच कारें जलीं
बिलासपुर : बिलासपुर। शहर में जहां एक तरफ होली के मद्देनजर गली-मोहल्लों में लकड़ी की होली जलाने की तैयारियां चल रही थीं. वहीं दूसरी तरफ परसदा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में आगजनी की बड़ी घटना सामने आई. कचरे के ढेर में लगी आग फैलते हुए ओम साईं गैरेज तक पहुंच गई. जिससे गैरेज में खड़ी पांच कारें जलकर राख हो गईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दमकल और एसडीआरएफ की तत्परता से आग पर काबू पाया जा सका.
गैरेज संचालक पीडी नायडू के मुताबिक सोमवार 2 मार्च की रात करीब 8 बजे वे रोजाना की तरह अपना गैरेज बंद कर घर चले गए थे. इसी दौरान गैरेज के पास पड़े कचरे के ढेर में किसी ने आग लगा दी. शुरुआती स्तर पर आग पर काबू नहीं पाया गया और लपटें धीरे-धीरे फैलते हुए गैरेज परिसर तक पहुंच गईं.
कुछ ही देर में आग ने विकराल रुप ले लिया और गैरेज के अंदर कतार में खड़ी पांच कारों को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते सभी गाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं. आग की तेज लपटों और उठते धुएं से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस और गैरेज संचालक को खबर दी.
खबर मिलते ही गैरेज संचालक मौके पर पहुंचे. साथ ही एसडीआरएफ की टीम दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक गैरेज में खड़ी पांचों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं. प्रारंभिक जांच में आग की वजह कचरे में लगाई गई आग को माना जा रहा है. लेकिन पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है. यह भी देखा जा रहा है कि आग जानबूझकर लगाई गई या लापरवाही का परिणाम थी. गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है.
इससे पहले शनिवार रात मंगला क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट की पार्किंग में बनाए गए इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में भी आग लग गई थी. उस घटना में गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया था. पुलिस ने उस मामले में गोदाम संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से शहरवासियों में चिंता बढ़ गई है. खासकर होली के समय जब कई स्थानों पर लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री इकट्ठा की जाती है. ऐसे में सतर्कता बेहद जरुरी हो जाती है. प्रशासन ने लोगों से अपील किया है कि कचरे या खुले स्थानों पर आग न लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की खबर पुलिस या दमकल विभाग को दें. इस घटना में किसी जनहानि की खबर नहीं है. लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



