मोहल्ले में फैली बदबू, बंद घर से मिली रिटायर्ड टीचर और पत्नी की लाश, इलाके में फैली सनसनी, पुलिस कर रही मामले की जांच
Foul smell spread in the locality, dead body of retired teacher and his wife found in a closed house, sensation spread in the area, police is investigating the matter
रायगढ़ : शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कसेरपारा मोहल्ले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई. जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया. यहां एक मकान से बुजुर्ग दंपत्ति का शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान 78 साल के सेवानिवृत्त शिक्षक गोपाल लाल नगायच और उनकी 77 वर्षीय पत्नी सरस्वती नगायच के रुप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक मोहल्ले में बीते दो दिनों से बदबू आ रही थी. जिसे नाली में कचरा जमा होने की सामान्य घटना मानकर अनदेखा कर दिया गया. लेकिन सोमवार को मामला तब गंभीर हो गया जब कोलकाता में रहने वाले उनके बेटे उमाकांत नगायच ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की और बात न होने पर अपने कुछ दोस्तों को उनका हाल देखने के लिए भेजा.
जब दोस्त घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया. जिसके बाद भीतर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए. दोनों बुजुर्ग मृत हालत में पड़े थे और उनके शवों से तेज बदबू आ रही थी. जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनकी मौत दो दिन पहले ही हो चुकी थी.
खबर मिलते ही चक्रधर नगर थाना प्रभारी अमित शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फोरेंसिक टीम ने भी जांच शुरु कर दी है. परिवार से जुड़े लोगों के मुताबिक सरस्वती नगायच अल्जाइमर से पीड़ित थीं और गोपाल नगायच भी उम्रजनित बीमारियों से जूझ रहे थे. बावजूद इसके वे पत्नी की देखभाल में कोई कसर नहीं छोड़ते थे.
अभी कुछ दिन उमाकांत की बेटी हुई है. तो बहन भावना शर्मा, भारती पचौरी जो बुजुर्ग दंपति का ख्याल रखती थी. वे बस दो दिन के लिए भाई और भतीजी से मिलने गई थी. गोपाल नगायच ने उन्हें आश्वस्त किया था कि सब ठीक रहेगा. लेकिन किस्मत ने ऐसा मोड़ लिया कि अकेलेपन और बीमारी की इस चुपचाप घड़ी में दोनों ने अंतिम सांस ली और दो दिनों तक उनका दुख किसी को दिखाई नहीं दिया. इस दुखद घटना से नगायच परिवार पर विपत्तियों का पहाड़ टूट पड़ा है.
मृतकों के बेटे और बेटियां कोलकाता से रायगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं. वहीं, इलाके में शोक और आत्ममंथन का माहौल है. पड़ोसी बताते हैं कि नगायच दंपत्ति अनुशासित, मृदुभाषी और आत्मीय स्वभाव के थे. फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



