गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी, कांग्रेस ने कवर्धा में तले पकोड़े, कहा- महिला दिवस पर ऐसा तोहफा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन
Gas cylinder prices increased by ₹60, Congress fried fritters in Kawardha, saying it was a gift on Women's Day, and burned an effigy of Prime Minister Narendra Modi.
कोंडागांव/कबीरधाम : घरेलू रसोई गैस के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. बुधवार को जहां कोंडागांव में पुतला दहन किया गया तो वहीं महिला दिवस के मौके पर कबीरधाम में महिला कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया. उन्होंने गैस सिलेंडर को माला पहनाकर चूल्हे में पकोड़े तले.
कोंडागांव में मोहन मरकाम का केंद्र पर निशाना
कोंडागांव में कांग्रेस कार्यकर्ता पुराने बस स्टैंड में इकठ्ठा हुए और केंद्र की मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया. प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन मुश्किल होता जा रहा है. उनका कहना था कि रसोई गैस के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है. प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहन मरकाम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा.
पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महंगाई लगातार बढ़ रही है. पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों से आम आदमी परेशान है. गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने का सीधा असर घर की रसोई पर पड़ता है और इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर होता है.
अफीम की खेती के आरोप पर भी उठाए सवाल
मोहन मरकाम ने छत्तीसगढ़ में एक बीजेपी नेता के खेत में कथित रूप से अफीम की खेती के मामले को भी गंभीर बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे से जुड़ी गतिविधियां बढ़ रही हैं. जो चिंता का विषय है. कांग्रेस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.
कबीरधाम में महिला दिवस पर अनोखा प्रदर्शन
वहीं कबीरधाम में विश्व महिला दिवस के मौके पर कांग्रेसी महिलाओं ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया. सिग्नल चौक में महिला पदाधिकारियों ने गैस सिलेंडर को माला पहनाई और उसके पास पारंपरिक चूल्हा जलाकर उसी पर पकोड़े बनाकर विरोध दर्ज कराया. इस अनोखे प्रदर्शन ने वहां से गुजरने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित किया और कुछ देर के लिए मौके पर भीड़ भी जमा हो गई.
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया.
जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस सीमा अगम अनंत ने कहा कि महिला दिवस के मौके पर सरकार को महिलाओं को राहत देने वाले फैसले लेने चाहिए थे. लेकिन इसके उलट गैस की कीमतें बढ़ा दी गईं.
महिलाओं ने कहा, महंगाई से बिगड़ रहा घरेलू बजट
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि महंगाई के कारण घर का बजट बिगड़ता जा रहा है और सबसे ज्यादा परेशानी मध्यम और गरीब वर्ग के परिवारों को हो रही है. महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार से गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कीमतों में कमी नहीं की गई तो कांग्रेस महिला मोर्चा आंदोलन को और तेज करेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



