अवैध रेत परिवहन जानलेवा साबित, हाईवा ने बाइक सवार को कुचला, डेढ़ घंटे तड़पने के बाद युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
Illegal sand transport proved fatal, a truck crushed a biker, the young man died after suffering for an hour and a half, angry villagers blocked the road.
रायगढ़ : रायगढ़ जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. तेज रफ्तार रेत से भरी हाईवा ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद युवक करीब डेढ़ घंटे तक तड़पता रहा. लेकिन समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया. हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने धनागर रोड पर चार घंटे तक चक्काजाम किया. यह मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 10 बजे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम केकराभाट निवासी गुलशन बंजारे उम्र 28 साल पिछले चार साल से चंद्रहासिनी प्लांट में कार्यरत था. किस्त जमा करने रायगढ़ आया था और बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही रेत से भरी तेज रफ्तार हाईवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद गुलशन वाहन के पहिए के नीचे आ गया. हादसे के बाद हाईवा भी अनियंत्रित होकर पलट गई.
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद युवक करीब डेढ़ घंटे तक मौके पर तड़पता रहा. इस दौरान वाहन मालिक भी मौके पर पहुंचा. लेकिन घायल को अस्पताल ले जाने के बजाय गाड़ी को कैसे हटाया और ठीक किया जाए. इस पर ज्यादा ध्यान दिया गया. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी.
इस हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की. गुरुवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने धनागर रोड पर चक्काजाम कर दिया. करीब चार घंटे तक सड़क जाम रही. ग्रामीणों ने अवैध रेत परिवहन पर रोक और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. मौके पर तहसीलदार, थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज और पुलिस बल पहुंचा. काफी समझाइश और तत्काल सहायता राशि दिए जाने के बाद आंदोलन खत्म हुआ.
मृतक अपने पीछे पत्नी, मां और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. एक तरफ अवैध रेत का कारोबार और दूसरी तरफ लगातार पहियों के नीचे कुचली जा रही जिंदगियां, कार्रवाई के दावे होते हैं. लेकिन हादसों का सिलसिला थमता नजर नहीं आता. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



