पैसों के विवाद ने लिया खूनी रुप, आधी रात युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, इलाके में फैली सनसनी, कुछ ही घंटों में 3 आरोपी गिरफ्तार
A financial dispute took a violent turn when a young man was subjected to a life-threatening knife attack in the middle of the night; the incident sent shockwaves through the area, and three suspects were arrested within a few hours.
जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. आरोपियों ने पहले युवक को फोन कर बुलाया और फिर सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ जमकर मारपीट की. इस दौरान आरोपियों ने डंडे और धारदार चाकू से हमला किया. इतना ही नहीं, कट्टे जैसे हथियार से फायरिंग करने का भी आरोप लगा है. मारपीट में गंभीर चोट लगने से युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. जिसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महज कुछ घंटों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
आधी रात फोन कर युवक को बुलाया, फिर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक 15 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे पीड़ित युवक अपने घर पर मौजूद था. इसी दौरान आरोपी आसिफ खान ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया. बताया जा रहा है कि आरोपी युवक को बीटीआई चौक से बड़े नहर पुल की तरफ लेकर गया. वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि आसिफ ने युवक से पैसे मांगे. लेकिन पैसे देने से इंकार करने पर वह नाराज हो गया और मारपीट करने लगा.
डंडे से पीटा, विरोध करने पर चाकू से हमला
विवाद बढ़ने के बाद आरोपी आसिफ खान ने युवक पर डंडे से हमला कर दिया. पीड़ित ने जब मारपीट का विरोध किया तो आरोपी ने धारदार चाकू से भी हमला किया. हमले के दौरान युवक ने अपना बचाव करने और मदद के लिए मोबाइल फोन निकालने की कोशिश की. आरोप है कि आसिफ ने मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया. जिससे वह टूट गया. इसके बाद भी आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट जारी रखी.
दो और आरोपी पहुंचे, कट्टे जैसे हथियार से फायरिंग का आरोप
घटना के दौरान सतीश यादव उर्फ बाटा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा. आरोप है कि सतीश और उमाशंकर यादव उर्फ बाबा ने भी युवक पर डंडे से हमला किया. पीड़ित के मुताबिक सतीश ने अपनी कमर के पास रखा कट्टे जैसा हथियार निकालकर फायर किया. हालांकि पुलिस को जांच के दौरान असली कट्टे के बजाय पिस्टलनुमा लाइटर मिला है. पुलिस ने हथियार से जुड़ी परिस्थितियों को भी जांच में शामिल किया है.
बेहोश होकर गिरा युवक, मौके से भाग निकले आरोपी
लगातार मारपीट की वजह से युवक को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद तीनों आरोपी उसे घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए. पीड़ित ने घटना की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई. जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
कुछ ही घंटों में पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरु की गई. पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने पैसों के विवाद को लेकर मारपीट करने की बात कबूल की.
डंडा, चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा, बटनदार चाकू और पिस्टलनुमा लाइटर जब्त किया है. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले में घटना की पूरे हालात और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. पैसों के लेनदेन को लेकर हुई इस हिंसक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है.
आरोपी
सतीश यादव उर्फ बाटा उम्र 32 साल निवासी वार्ड नम्बर 21, आईबी रेस्ट हाउस के पास, जांजगीर
आसिफ खान उम्र 25 साल निवासी पुरानी बस्ती, नैला
उमाशंकर यादव उर्फ बाबा उम्र 28 साल निवासी वार्ड नम्बर 20, खड़पड़ीपारा, जांजगीर
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



