13 वर्षीय नाबालिग बालिका से दुष्कर्म, इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ले गया डोंगरगढ़, 4 दिन तक जबरन बनाया शारीरिक संबंध, आरोपी उत्तम गिरफ्तार
13-year-old minor girl raped; the accused, Uttam, befriended her on Instagram, took her to Dongargarh, and held her captive for 4 days, during which he forced her into sexual relations—accused arrested.
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग से दोस्ती कर उसे शादी का झांसा देकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है. आरोपी युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए 13 साल की बालिका से दोस्ती की थी. इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर रायगढ़ से ट्रेन के जरिए डोंगरगढ़ ले गया. वहां अपने दोस्त के घर में रखकर कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले में रायगढ़ पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है. वहीं, आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
20 अक्टूबर को लापता हुई थी 13 साल की बालिका
मिली जानकारी के मुताबिक 21 अक्टूबर 2026 को पुसौर थाना क्षेत्र की एक महिला ने सिटी कोतवाली रायगढ़ में अपनी 13 साल की बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बेटी रायगढ़ में अपने परिचित के यहां रहकर पढ़ाई करती थी. 20 अक्टूबर की सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी. परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की. लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसके बाद पुलिस को खबर दी गई. शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 617/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
इंस्टाग्राम पर छह महीने पहले हुई थी आरोपी से दोस्ती
पुलिस जांच के दौरान बालिका के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ की गई. साथ ही उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई. जिसमें अहम जानकारी सामने आई. बालिका के बयान के मुताबिक, करीब छह महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत उम्र 18 साल निवासी भांठापारा, निपनिया से हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया पर बातचीत होने लगी. आरोप है कि युवक ने इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर बालिका को अपने साथ चलने के लिए बहलाया-फुसलाया.
ट्रेन से डोंगरगढ़ ले गया आरोपी, चार दिन तक दोस्त के घर रखा
आरोपी 19 अक्टूबर की रात रायगढ़ पहुंचा था. अगले दिन 20 अक्टूबर की सुबह उसने बालिका को रेलवे स्टेशन के पास बुलाया और ट्रेन में बैठाकर डोंगरगढ़ ले गया. आरोपी उसे डोंगरगढ़ में अपने दोस्त के घर ले गया. वहां चार दिनों तक रखा और शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. बालिका और संदिग्ध युवक लगातार स्थान बदल रहे थे. जिसकी वजह से उनकी तलाश में कठिनाई आ रही थी. लगातार प्रयास के बाद 26 अक्टूबर को रायगढ़ पहुंचने पर पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया.
आरोपी पर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
बालिका की बरामदगी के बाद महिला पुलिस अधिकारी ने उसका बयान दर्ज किया. इसके साथ ही उसकी चिकित्सकीय जांच कराई गई. बालिका के बयान और जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 87, 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 जोड़ी है. इसके बाद पुलिस ने आरोपी उत्तम रावत उर्फ रिशु रावत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया. मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



