पारिवारिक विवाद में 16 साल के लड़के ने दादी पर चलाई दादा की 37 साल पुरानी बंदूक, मारा फिल्मी डायलॉग- फ्लावर नहीं फायर है मैं!, दो घायल
In a family dispute, a 16-year-old boy fired his grandfather's 37-year-old gun at his grandmother, quoted a filmi dialogue - I am not a flower but fire, two injured
बिलासपुर/सीपत : पारिवारिक विवाद के बीच एक 16 साल के नाबालिग लड़के ने अपनी दादी पर ही गोली चला दी. इसमें दादी के अलावा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है. फिलहाल पुलिस ने बंदूक समेत नाबालिग लड़के को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक सीपत थाना अंतर्गत मटियारी में 13 दिसंबर की रात 16 साल के बालक और उसके चाचा के बीच परिवारिक बातों को लेकर विवाद हो रहा था. झगड़े के दौरान बड़ी तादाद में पड़ोसी और रिश्तेदारों की भीड़ लग गई थी. चाचा-भतीजे के बीच करीब आधा घंटे से विवाद और गाली-गलौज हो रही थी.
इसी बीच गुस्से में आकर नाबालिग दौड़ते हुए अपने घर गया और बंदूक लेकर बाहर निकाला. इसके बाद यह बात फ़ैल गई कि नाबालिग ने पुष्पा फिल्म का डॉयलाग “पुष्पा को फ्लॉवर समझा क्या, फ्लॉवर नहीं, फायर है मैं… बोलते हुए फायर कर दिया. जबकि इस तरह कहने वाली बात गलत पाई गई.
भरमार बंदूक से की गई फायरिंग से निकला छर्रा पास खड़ी दादी और एक अन्य युवक आशीष शिकारी के दाएं हाथ में लगा. जिससे दोनों घायल हो गए. फायरिंग की खबर मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को हिरासत में लेकर लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली.
फायरिंग से घायल दादी और युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनकी हालत सामान्य है. पीड़ित आशीष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नबालिग के खिलाफ 110 बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की गई है. बताया जा रहा है बंदूक का लाइसेंस आरोपी लड़के के दादा के नाम पर है, जो 1987 में शासन के द्वारा जारी किया गया था. तब से बंदूक घर पर थी. आपको बता दें मटियारी गांव में शिकारियों की पूरी बस्ती है. यहां ज्यादातर घरों में भरमार बंदूक है. शिकारी इसका उपयोग सालों से चिड़ियों का शिकार करने में उपयोग करते रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI
बता दें कि बिलासपुर पुलिस ने कहा कि नाबालिग बालक से पूछताछ में उसने घटना को अकस्मात होना बताया. जबकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घटना को पुष्पा मूवी के डायलॉग का उपयोग करते हुए उससे जोड़कर प्रचारित किया गया. जिससे युवा वर्ग पर विपरीत प्रभाव पड़ता है अतः बिलासपुर पुलिस की अपील किया कि इस तरह के भ्रामक जानकारी के प्रसार एवं प्रचार से बचना चाहिए.



