अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने तीन तस्करों को किया गिरफ्तार वाहन से 27 किलो गांजा बरामद, होंडा सिटी कार जप्त
Inter-state ganja smuggling racket busted, police arrested three smugglers, 27 kg ganja recovered from vehicle, Honda City car seized
गरियाबंद/फिंगेश्वर : गरियाबंद जिले में फिंगेश्वर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 किलो गांजा बरामद किया है. जिसकी कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है. गिरफ्तार आरोपियों में अजय आर्य और पवन मध्यप्रदेश के निवासी हैं. और फिरोज महाराष्ट्र का निवासी है.
मिली जानकारी के मुताबिक ये तस्कर ओडिशा से गांजा लाकर कार के जरिए मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में सप्लाई कर रहे थे. तस्करों ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए कार में विशेष चेंबर बनाकर गांजा छिपाकर रखा था. यह चेंबर कार की सीटों और बूट में छिपाकर तैयार किया गया था. जिससे तलाशी के दौरान पकड़ से बचा जा सके. लेकिन पुलिस तक मुखबिर से खबर पहुंच गई. जिसके बाद फिंगेश्वर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया. तीनों आरोपी ओल्ड मॉडल की होंडा सिटी कार में गांजा लेकर फिंगेश्वर क्रॉस कर रहे थे.
तलाशी के दौरान विशेष चेंबर से 27 किलो गांजा बरामद हुआ. कार में मौजूद आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने ओडिशा से गांजा लाकर पड़ोसी राज्यों में खपाने की बात कबूल की. यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी कर रहा था. गिरोह का नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है.
पुलिस की सतर्कता से तस्करों के भागने का प्रयास नाकाम रहा. जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी की. तस्करों ने कार को तेज गति से भगाने की कोशिश की. लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया. फिलहाल आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है. और उनके संपर्क में आए अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
फिंगेश्वर थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. पुलिस ने क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है. उन्होंने कहा कि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जब्त गांजा को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है. साथ ही आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरु कर दी गई है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है. क्षेत्र में लंबे समय से चल रही नशे की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए नागरिकों ने पुलिस से और सख्ती बरतने की मांग की है. कई लोगों ने कहा कि नशे के कारोबार से समाज पर बुरा असर पड़ता है. खासकर युवाओं में इसकी बढ़ती लत चिंता का विषय है. पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के व्यापार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी. फिंगेश्वर पुलिस ने आम जनता से अपील किया कि अगर उनके आसपास कोई नशे से जुड़ा अपराध या संदिग्ध गतिविधि हो तो वे फौरन खबर दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जानकारी देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और उन्हें पूरी सुरक्षा प्रदान की जाएगी.
यह मामला दर्शाता है कि संगठित अपराध और अंतरराज्यीय तस्करी को खत्म करने के लिए पुलिस की सक्रियता और जनता की मदद कितनी जरुरी है. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि लगातार अभियान चलाकर ही नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



