राजधानी में पत्रकार शांतनु रॉय पर जानलेवा हमला, अस्पताल में इलाज जारी, आरोपी बजरंग चौहान गिरफ्तार, लोगों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग

Journalist Shantanu Roy was attacked in the capital, undergoing treatment in hospital, accused Bajrang Chauhan arrested, public outrage, demanding strict action.

राजधानी में पत्रकार शांतनु रॉय पर जानलेवा हमला, अस्पताल में इलाज जारी, आरोपी बजरंग चौहान गिरफ्तार, लोगों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग

रायपुर : राजधानी रायपुर में पत्रकार पर हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है. जिसमें एक युवक द्वारा कथित रूप से पैसे की मांग करते हुए मारपीट की गई. इस हमले में पत्रकार शांतनु रॉय गंभीर रूप से घायल हो गए. और उनका इलाज अस्पताल में जारी है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बजरंग चौहान को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला गोलबाजार थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित के बड़े भाई, जो विधानसभा क्षेत्र स्थित एक संस्थान में बायो मेडिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं. उन्होंने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई शांतनु रॉय जनता से रिश्ता अख़बार में कार्यरत है.
2 मई 2026 की रात शांतनु अपना काम खत्म कर घड़ी चौक स्थित जनता से रिश्ता प्रेस कार्यालय से मोटरसाइकिल से अपने घर कोटा लौट रहा था. रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच जब वह जी.ई. रोड पर कुसुमताई दाबके स्कूल के सामने पहुंचा. तभी आगे चल रहे एक रिक्शा चालक ने अचानक दाहिने तरफ मोड़ लिया. इससे संतुलन बिगड़ने पर शांतनु की बाइक रिक्शा से टकरा गई. हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. हालांकि रिक्शा चालक और उसमें बैठे सवारी बिना किसी विवाद के वहां से चले गए.
इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति, जिसकी पहचान बजरंग चौहान के रूप में हुई. उसने हालात का फायदा उठाते हुए शांतनु को रोक लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी बजरंग चौहान फुलचौक क्षेत्र का निवासी है और उसने शांतनु से कहा कि अगर वह मामले को ‘सेटल’ करना चाहता है तो उसे 10,000 रुपये देने होंगे. आरोपी ने कथित रूप से जबरन पैसे की मांग करते हुए धमकी भी दी. जब शांतनु ने पैसे देने से इंकार करते हुए वहां से निकलने की कोशिश की. तब आरोपी ने उसे गंदी-गंदी गालियां देते हुए धमकाया और कहा कि बिना पैसे दिए उसे जाने नहीं देगा.
इसी दौरान बजरंग चौहान ने भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति के पास रखा हेलमेट उठाया और शांतनु के चेहरे पर जोरदार हमला कर दिया. हेलमेट से किए गए वार में शांतनु के दाहिने गाल और जबड़े पर गंभीर चोट आई.
वारदात के बाद घायल हालत में शांतनु को फौरन ईट्सा अस्पताल, रायपुर के ईट्सा अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसके जबड़े में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है. फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरु की और आरोपी बजरंग चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की. बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर रही है.
इस घटना के बाद पत्रकारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है. उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. जानकारी के मुताबिक आरोपी बजरंग चौहान पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t