जमीन विवाद ने लिया हिंसक मोड़, युवक पर चाकू और कूकर ढक्कन से जानलेवा हमला, बुआ-फूफा और गुंडों के खिलाफ शिकायत दर्ज

Land dispute took a violent turn, youth attacked with knife and cooker lid, complaint lodged against aunt, uncle and goons

जमीन विवाद ने लिया हिंसक मोड़, युवक पर चाकू और कूकर ढक्कन से जानलेवा हमला, बुआ-फूफा और गुंडों के खिलाफ शिकायत दर्ज

बिलासपुर : शहर में एक बार फिर जमीन विवाद ने हिंसक रुप ले लिया. कस्तूरबा नगर, जरहा भांटा का निवासी ओम यादव पर जानलेवा हमला किया गया. गंभीर रुप से घायल युवक का इलाज जारी है और परिजनों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है. यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक यह विवाद जमीन को लेकर शुरु हुआ था. पीड़ित ओम यादव की सौतेली बुआ और उसके पति के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था. लेकिन यह पुरानी रंजिश अब हिंसक रुप ले चुकी है. आरोप है कि सौतेली बुआ और उसके पति ने गुंडों को बुलाकर पहले से ही साजिश रची और योजनाबद्ध तरीके से युवक पर हमला करवाया.
घटना के दिन युवक किसी काम से बाहर गया हुआ था. इसी दौरान उसे रास्ते में घेर लिया गया और चाकू से हमला कर दिया गया. हमलावरों ने न सिर्फ चाकू से उस पर कई वार किए. बल्कि किचन में इस्तेमाल होने वाले प्रेशर कूकर के ढक्कन से भी युवक का सिर फोड़ दिया गया. चश्मदीदों के मुताबिक हमला अत्यंत क्रूर और निर्मम था.
स्थानीय लोगों की मदद से युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने बताया कि सिर में गंभीर चोट है और कई टांके लगे हैं. वहीं शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरी चोटें आई हैं. युवक इस समय अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
इस हमले के बाद पीड़ित युवक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. परिजनों ने सिविल लाइन थाना में आरोपी सौतेली बुआ, उसके पति और अन्य अज्ञात गुंडों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पहले भी कई बार धमकी दी जा चुकी थी. लेकिन पुलिस ने गंभीरता से मामला नहीं लिया. जिसकी वजह से हमलावरों का हौसला और बढ़ गया.
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा. पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. बल्कि शहर में जमीन विवादों के चलते बढ़ती हिंसा को भी उजागर करती है. सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोहराई न जाएं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB