गरियाबंद जिले में तेंदुए की दस्तक, रात में अकेले बाहर निकलने पर रोक, अलर्ट मोड पर वन विभाग, इधर सफेद भालू ने ग्रामीण पर किया जानलेवा हमला, मचा हड़कंप
Leopard attacks Gariaband district, forest department on alert, ban on going out alone at night, while a white bear fatally attacks a villager, causing panic.
तेंदुए की दस्तक, रात में अकेले बाहर निकलने पर रोक, अलर्ट मोड पर वन विभाग
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के पांडूका वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिधनीपाठ की माता डोंगरी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की खबर के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है. तेंदुए के रहवास और लगातार गतिविधियों की खबर मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन अमला गांव-गांव पहुंचकर माइक से मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की समझाइश दे रहा है.
वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि रात के समय कोई भी व्यक्ति अकेले घर से बाहर न निकले और विशेष सावधानी बरते. जंगल और पहाड़ी क्षेत्र के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग ने यह भी कहा है कि छोटे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और शाम ढलते ही परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर सुरक्षित रहें.
इधर तेंदुए की खबर के बाद गिधनीपाठ सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी जंगल किनारे जंगली जानवरों की आवाजाही देखी जाती रही है. लेकिन इस बार तेंदुए के रहवास की खबर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. खासकर मवेशी पालकों में ज्यादा डर का माहौल है.
वन विभाग की टीम लगातार इलाके में निगरानी कर रही है. ग्रामीणों को अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ने तथा सुरक्षित बाड़े में रखने की सलाह दी गई है. रात के समय खेतों और जंगल की तरफ जाने से बचने को कहा गया है. वन अमला संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से किसी भी तरह की जानकारी फौरन विभाग को देने की अपील कर रहा है.
ग्रामीणों के मुताबिक माता डोंगरी क्षेत्र घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से घिरा हुआ है. जहां वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य मानी जाती है. लेकिन तेंदुए की सक्रियता सामने आने के बाद गांवों में डर और सतर्कता दोनों बढ़ गई है.
वन विभाग ने कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. विभाग ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में फौरन वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को खबर देने की अपील की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t
सफेद भालू ने ग्रामीण पर किया जानलेवा हमला, मचा हड़कंप
पेंड्रा-गौरेला-मरवाही : छत्तीसगढ़ का मरवाही वन मंडल एक बार फिर अपने दुर्लभ सफेद भालू को लेकर सुर्खियों में आ गया है. रविवार को आमाडांड और बसंतपुर के बीच जंगल में एक वयस्क सफेद भालू नजर आया. दुर्लभ सफेद भालू के अचानक सामने आ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया. इसी दौरान भालू ने एक ग्रामीण पर जानलेवा हमला कर दिया. जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. हमले के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. वहीं वन विभाग ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को आमाडांड गांव के कुछ ग्रामीण किसी काम से जंगल की तरफ गए थे. इसी दौरान आमाडांड और बसंतपुर के बीच घने जंगल में उनका सामना अचानक इस दुर्लभ सफेद भालू से हो गया. जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते और खुद को बचाते. भालू ने आक्रामक रुख अपनाते हुए आमाडांड के रहने वाले एक अधेड़ व्यक्ति पर हमला कर दिया. भालू के इस अचानक हुए हमले से ग्रामीण घायल हो गया. हमले के वक्त वहां मौजूद अन्य लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए जमकर शोर मचाया और भारी मशक्कत के बाद भालू को वापस घने जंगल की तरफ खदेड़ने में कामयाबी हासिल की. इसके बाद घायल ग्रामीण को आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.
इलाके में दुर्लभ सफेद स्लॉथ बियर के दिखाई देने और ग्रामीण पर हमले की खबर इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई. खबर सुनते ही मौके पर बड़ी तादाद में आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. इस दौरान कुछ उत्साही लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाते हुए इस दुर्लभ भालू का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया. सफेद भालू का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसे देखकर लोग हैरान हैं.
हमले की खबर मिलने के बाद वन विभाग की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. वन अमले ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत दिया कि वे फिलहाल जंगल की तरफ बिल्कुल न जाएं. अधिकारियों ने कहा कि यह एक बेहद दुर्लभ प्रजाति का भालू है और इसके आसपास भीड़ लगाना या इसे उकसाना जानलेवा साबित हो सकता है.
गौरतलब है कि मरवाही का जंगल पहले भी सफेद भालुओं की मौजूदगी की वजह से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र रह चुका है. वन विभाग लगातार इन दुर्लभ वन्यजीवों की गतिविधियों की ट्रैकिंग और निगरानी कर रहा है. विभाग ने ग्रामीणों से अपील किया कि वे पूरी तरह एलर्ट रहें और किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर फौरन स्थानीय वन अधिकारियों को खबर करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



