MLA पुरंदर मिश्रा साइबर ठगी का शिकार : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के फर्जी पीए बनकर लगाया कॉल, भाजपा विधायक ने फटाफट ट्रांसफर कर दिए पैसे

MLA Purandar Mishra becomes victim of cyber fraud: A fake caller posing as the BJP national president's personal assistant (PA) made the call, and the BJP MLA quickly transferred the money.

MLA पुरंदर मिश्रा साइबर ठगी का शिकार : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के फर्जी पीए बनकर लगाया कॉल, भाजपा विधायक ने फटाफट ट्रांसफर कर दिए पैसे

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जनप्रतनिधि भी उनके निशाने पर आ गए. ताजा मामले में रायपुर उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ऑनलाइन जालसाजों का शिकार बन गए. एक शातिर ठग ने खुद को बीजेपी के राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का निजी सहायक (PA) बताकर विधायक से फोन पर संपर्क साधा और गाड़ियों में ईंधन (डीजल) डलवाने के बहाने दो अलग-अलग किस्तों में अपने खाते में पैसे ट्रांसफर करवा लिए.
रसूखदार नेता का नाम लेकर विधायक को लगाया चूना
मिली जानकारी के मुताबिक जालसाज ने नितिन नवीन के पीए होने का ढोंग रचा और विधायक पुरंदर मिश्रा को अपने झांसे में ले लिया. उसने विधायक से आपातकालीन मदद के रूप में रुपयों की मांग की. जिसके बाद पुरंदर मिश्रा ने कुल 10,000 रुपये की रकम उसके बताए बैंक अकाउंट में भेज दी. विधायक ने यह रकम एक बार में न भेजकर ₹4,500 और ₹5,500 के रूप में दो बार में अदा की.
यह पूरी लेन-देन जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए की गई थी. इस बड़ी धोखाधड़ी का पर्दाफाश तब हुआ जब विधायक पुरंदर मिश्रा ने खुद शक होने पर सीधे नितिन नवीन के कार्यालय से संपर्क कर उनके वास्तविक पीए के बारे में तस्दीक की. सच सामने आते ही विधायक के पैरों तले जमीन खिसक गई.
पुलिस और साइबर सेल खंगाल रही है कुंडली
धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद पीड़ित पक्ष की तरफ से सेवक नारायण मिश्रा ने रायपुर के खमहरडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और तकनीकी जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है. पुलिस को दी गई शिकायत में उस मोबाइल नंबर का पूरा ब्यौरा दिया गया है. जिससे विधायक को फोन आया था. साथ ही उस बैंक खाते की जानकारी भी सौंपी गई है. जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी.
कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने घेरा
इस हाई-प्रोफाइल ठगी को लेकर अब राज्य में सियासत भी गरमा गई है. मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर साय सरकार को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "प्रदेश में भाजपा के नेताओं के दिन अच्छे नहीं चल रहे हैं. अपराधियों के मन से शासन और पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है. हाल ही में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ सरेराह लूट की वारदात हुई थी और अब एक सिटिंग एमएलए को ठग लिया गया."
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "हैरानी की बात यह है कि पुरंदर मिश्रा खुद एक अधिवक्ता (वकील) हैं और आयकर मामलों के सलाहकार हैं. जब इतने समझदार और रसूखदार विधायक को सत्ता में रहते हुए नितिन नवीन के नाम पर ठगा जा सकता है. तो छत्तीसगढ़ के आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या हाल होगा? सूबे में वीआईपी और राजनेताओं से अवैध उगाही और जालसाजी का खेल धड़ल्ले से चल रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t