कार्तिक पुन्नी पर महादेव घाट भक्तिमय, भूपेश बघेल ने लगाई आस्था की डुबकी, श्रद्धालुओं ने किया पुण्य स्नान व दीपदान, निकली भव्य प्रभात फेरी

Mahadev Ghat becomes imbued with devotion on Kartik Purnima; Bhupesh Baghel takes a holy dip, while devotees perform ritual bathing and offer lamps; a grand morning procession is held.

कार्तिक पुन्नी पर महादेव घाट भक्तिमय, भूपेश बघेल ने लगाई आस्था की डुबकी, श्रद्धालुओं ने किया पुण्य स्नान व दीपदान, निकली भव्य प्रभात फेरी

गरियाबंद/देवभोग : पावन पर्व कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर मंगलवार को देवभोग नगर सहित समूचे अंचल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही आस्था, भक्ति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला. कार्तिक मास के समापन और पूर्णिमा के विशेष पुण्य लाभ के लिए अलसुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ स्थानीय नदी तट पर उमड़ पड़ी. कड़ाके की सुबह की ठंड के बावजूद बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का उत्साह देखते ही बन रहा था. श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने परिवार व क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए जल में दीपदान किया.
सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब अंधेरा छंटने को था. उस समय नदी की शांत लहरों पर तैरते सैकड़ों टिमटिमाते दीपों ने पूरे तट को अलौकिक और आध्यात्मिक आभा से जगमग कर दिया. दीपदान के इस मनमोहक दृश्य ने हर किसी को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया. नदी तट पर स्नान और पूजन-अर्चन की परंपरा पूरी करने के पश्चात नगर की गलियों और मुख्य मार्गों पर भक्ति का उल्लास चरम पर पहुंच गया.
श्रद्धालुओं की टोली ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों-ढोलक, झांझ और मजीरे की मधुर थाप पर संगीतमय भजन-कीर्तन करते हुए भव्य प्रभात फेरी निकाली. इस प्रभात फेरी में नन्हे बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक पूरे जोश के साथ शामिल हुए. प्रभात फेरी जिस भी गली से गुजरी. वहां का वातावरण 'हरे रामा-हरे कृष्णा' और भगवान के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा.
इसी कड़ी में प्रहरी स्थल, बस्तीपारा (देवभोग) स्थित मंदिर परिसर में आयोजित 'श्री कार्तिक माहात्म्य कथा' को लेकर भी नगरवासियों और ग्रामीण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखी जा रही है. आयोजन समिति द्वारा मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों, वंदनवार और रंग-बिरंगी झालरों से भव्य रूप से सजाया गया है. सुबह से ही बड़ी तादाद में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं और कार्तिक माहात्म्य कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं. पूरे आयोजन के दौरान समूचे देवभोग क्षेत्र में उत्सव, उमंग और आपसी सौहार्द का वातावरण बना हुआ है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb

भूपेश बघेल ने लगाई आस्था की डुबकी, विकास उपाध्याय ने माला पहनाकर किया भूपेश बघेल का स्वागत
रायपुर : कार्तिक पुन्नी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के महादेव घाट में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर के महादेव घाट पहुंचे। यहां उन्होंने खारुन नदी में आस्था की डुबकी लगाई और दीपदान कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला. उन्होंने हर साल की तरह इस बार भी अल सुबह खारुन नदी के ठंडे पानी में गुलाटी मारकर डुबकी लगाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा. स्नान के बाद उन्होंने ऐतिहासिक हटकेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया, पूजा-अर्चना की और दीपदान किया.
खारुन नदी के तट पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, कसडोल विधायक संदीप साहू समेत कांग्रेस के कई नेता और बड़ी तादाद में श्रद्धालु शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान विकास उपाध्याय ने भूपेश बघेल को माला पहनाकर उनका स्वागत किया. इस मौके पर कांग्रेस के अन्य नेता और स्थानीय श्रद्धालु भी मौजूद रहे. लोगों ने धार्मिक आयोजन में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की.
कार्तिक पुन्नी का धार्मिक महत्व
कार्तिक मास की पूर्णिमा को छत्तीसगढ़ में कार्तिक पुन्नी के नाम से जाना जाता है. हिंदू धर्म में इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य का विशेष महत्व माना गया है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था. इसलिए कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है. इस मौके पर भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा की जाती है. देश के कई हिस्सों में इस दिन देव दीपावली का पर्व भी मनाया जाता है.
छत्तीसगढ़ में पुन्नी मेले की पुरानी परंपरा
छत्तीसगढ़ में कार्तिक पुन्नी सिर्फ धार्मिक पर्व नही, बल्कि लोक संस्कृति और सामाजिक मेलजोल से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर भी है. प्रदेश के अलग-अलग नदी तटों और धार्मिक स्थलों पर इस दिन पुन्नी मेले आयोजित किए जाते हैं. श्रद्धालु सुबह पवित्र स्नान कर पूजा-पाठ करते हैं और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करते हैं.
महादेव घाट का पुन्नी मेला है खास पहचान
रायपुर में खारुन नदी के किनारे स्थित महादेव घाट का कार्तिक पुन्नी मेला विशेष पहचान रखता है. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, यहां मेले के आयोजन की परंपरा करीब 600 साल पुरानी है. इस अवसर पर श्रद्धालु खारुन नदी में स्नान करने के बाद प्राचीन हटकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं. नदी तट पर दीपदान, आरती और धार्मिक गतिविधियों के साथ मेले में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है.
स्नान, दीपदान और दान-पुण्य की परंपरा
कार्तिक पुन्नी पर श्रद्धालु कई पारंपरिक धार्मिक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं. इनमें ब्रह्ममुहूर्त में नदी स्नान, भगवान शिव और विष्णु की आराधना, दीपदान, आरती और जरूरतमंदों को अन्न और वस्त्र का दान प्रमुख हैं. महादेव घाट में हर साल आयोजित होने वाला यह मेला छत्तीसगढ़ की धार्मिक विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. कार्तिक पुन्नी का पर्व आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश भी देता है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb