लकवाग्रस्त बुजुर्ग को नाली में फेंका, मां का हाथ तोड़ा, प्रॉपर्टी विवाद में घर में घुसकर मारपीट, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, बेटे-दामाद पर FIR दर्ज

Paralyzed elderly man thrown into a drain, mother's arm broken, and assault inside the house amidst a property dispute; FIR registered against BJP Mahila Morcha District President, her son, and son-in-law.

लकवाग्रस्त बुजुर्ग को नाली में फेंका, मां का हाथ तोड़ा, प्रॉपर्टी विवाद में घर में घुसकर मारपीट, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष, बेटे-दामाद पर FIR दर्ज

कबीरधाम : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में मारपीट के मामले में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी, उनके दामाद विक्की दुबे और बेटे वासु तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज हुई है. यह मामला रवि कुमार शुक्ला की शिकायत पर कोतवाली थाने में दर्ज किया गया. यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
दरअसल मामला पारिवारिक विवाद और प्रॉपर्टी से जुड़ा है. आरोप है कि विजय लक्ष्मी और उनके बेटे-दामाद ने मिलकर रवि कुमार शुक्ला के घर घुसकर उनके माता-पिता से मारपीट की है। लकवाग्रस्त पिता को घसीटकर नाली में फेंका, मां से मारपीट की. इसका CCTV भी सामने आया है. पुलिस ने तीनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.
शिकायतकर्ता ने बताया कि साल 2015 में उसके बड़े भाई सूरज शुक्ला की शादी विजय लक्ष्मी तिवारी की छोटी बेटी से हुई थी. बड़े भाई की आमदनी कम होने की वजह से भाभी का माता-पिता से अक्सर विवाद होता था.
भाभी अपने मायके पक्ष के लोगों के कहने पर पिता पर पूरा घर बड़े बेटे के नाम करने का दबाव बनाती थी. पिता ने घर सिर्फ बड़े बेटे के नाम करने से इंकार कर दिया था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी बात को लेकर ये घटना हुई.
मारपीट की घटना शहर के वार्ड नंबर 10 में हुई। शिकायतकर्ता के मुताबिक 5 अगस्त को विजय लक्ष्मी तिवारी अपने दामाद विक्की दुबे और बेटे वासु तिवारी के साथ उनके घर पहुंचीं. वहां उन्होंने पिता को घर से घसीटकर बाहर निकाला और नाली में फेंक दिया. इस दौरान मां के साथ भी मारपीट की गई. जिससे उनका हाथ टूट गया.
रवि कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी उन्हें पड़ोसियों से मिली. वह जब घर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट में उनकी बाईं आंख के ऊपर चोट आई है.
शिकायतकर्ता के मुताबिक घटना के बाद पुलिस उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लेकर गई थी. आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान विक्की दुबे ने उनके साथ दोबारा मारपीट की और थप्पड़ मारा.
रवि का कहना है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाया. इस घटना के चश्मदीदों और अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मियों के बयान जांच में अहम हो सकते हैं. रवि कुमार ने FIR दर्ज होने में देरी और केस वापस लेने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है. हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है.
रवि कुमार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विजय लक्ष्मी तिवारी, विक्की दुबे और वासु तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज किया है. इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज हुई है.
पुलिस अब मारपीट की घटना, चोटों, CCTV फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों की जांच कर रही है. वहीं, विजय लक्ष्मी तिवारी और अन्य आरोपियों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?