CAF जवान का अपहरण कर मारपीट, 11 लाख के लेन-देन का विवाद, रात भर जंगल में छिपकर बचाई जान, आरोपी महिला और उसका ड्राइवर गिरफ्तार

CAF jawan abducted and assaulted; dispute over an ₹11 lakh transaction; saved his life by hiding in the forest overnight; accused woman and her driver arrested.

CAF जवान का अपहरण कर मारपीट, 11 लाख के लेन-देन का विवाद, रात भर जंगल में छिपकर बचाई जान, आरोपी महिला और उसका ड्राइवर गिरफ्तार

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है. जहां छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान का अपहरण कर उसे बंधक बनाया गया और उसके साथ मारपीट की गई. आरोप है कि 11 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद में जवान को जबरन अपने साथ ले जाकर स्टाम्प पेपर पर दस्तखत कराए गए. हालांकि, जवान किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और अपनी लाइव लोकेशन वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर मदद मांगी. मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया है.
पीड़ित जवान विजय शील रायगढ़ स्थित छठवीं बटालियन में पदस्थ है. विजय शील ने हरजीत कौर से ब्याज पर 11 लाख रुपये लिए थे. वह पिछले करीब सात महीने से रकम लौटाने में टालमटोल कर रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. रकम वापस लेने के लिए हरजीत कौर ने उसे दुर्ग बस स्टैंड बुलाया. वहां नाश्ता कराने के बहाने उसे कार में बैठाया गया और कुछ लोग उसे जबरन अपने साथ ले गए. 
इसके बाद उसे पुलगांव थाना क्षेत्र के गोकुल नगर के पास स्थित एक कॉलोनी के मकान में बंधक बनाकर रखा गया. यहां उसके साथ मारपीट की गई और जबरन स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए.
मोबाइल से भेजी लाइव लोकेशन, जंगल में छिपकर बचाई जान
बंधक बनाए जाने के दौरान जवान ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने मोबाइल फोन से कमांडेंट और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी लाइव लोकेशन भेज दी. इसके बाद उसने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई और अपने यूनिट हेड को घटना की जानकारी दी. यूनिट हेड ने तत्काल स्थानीय पुलिस को खबर दी. जानकारी मिलते ही दुर्ग पुलिस सक्रिय हुई और जवान की तलाश शुरू की. पुलिस ने रात भर खोजबीन की और सुबह जवान को सुरक्षित खोज निकाला.
महिला और उसका ड्राइवर गिरफ्तार
जवान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले में पुलिस ने हरजिंदर कौर उम्र 47 साल और उसके ड्राइवर कृष्ण कुमार सिन्हा उम्र 37 साल को गिरफ्तार किया है. दोनों पर जवान को बंधक बनाने, मारपीट करने और जबरन स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराने के आरोप हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं. उनकी तलाश में कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb