कार की खिड़कियों पर बैठकर स्टंट करना पड़ा महंगा, दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश जारी, ड्राइविंग लाइसेंस होगा सस्पेंड
Performing stunts on the car windows proved costly; two accused arrested; search continues for remaining accused; driving licenses to be suspended
बिलासपुर : बिलासपुर शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में शामिल गांधी चौक रोड पर जानलेवा स्टंटबाजी का एक गंभीर मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने चार युवकों को निशानदेही कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है. वायरल वीडियो में युवक चलती कार की खिड़कियों पर बैठकर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं. जिससे सड़क पर चल रहे आम नागरिकों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था.
मिली जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो में हुंडई i-20 कार नम्बर CG12 BT 1243 दिखाई दे रही है, जिसमें सवार युवक चलती गाड़ी की खिड़कियों और दरवाजों पर बैठकर स्टंट कर रहे हैं, यह घटना गांधी चौक रोड जैसे ज्यादा भीड़भाड़ वाले मार्ग पर हुई, जहां दिन भर यातायात का दबाव रहता है. इस तरह की लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे की वजह बन सकती थी. पुलिस जांच में यह सामने आया है कि वाहन चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था और स्टंटबाजी का असल मकसद सोशल मीडिया, विशेषकर इंस्टाग्राम पर वीडियो को वायरल कर लोकप्रियता हासिल करना था.
पुलिस ने इस मामले में आरोपी वंश सक्तेल, कुनाल साहू, शाहरूख इरानी और वाहन चालक हर्षवर्धन सिंह को चिन्हित किया. सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज किया. इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 (खतरनाक ड्राइविंग) और धारा 189 के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई है.
पुलिस का कहना है कि यह कृत्य न सिर्फ कानून के खिलाफ है. बल्कि आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ भी है. घटना में इस्तेमाल कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है. साथ ही वाहन चालक हर्षवर्धन सिंह के ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है. आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



