स्कूल में बच्चों की थाली में परोसी गई फिनाइल!, मौत के मुंह से लौटे 426 मासूम, तीन सदस्यीय जांच समिति गठित, बाल सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
Phenyl served in children's plates in school! 426 innocent children returned from the jaws of death, three-member investigation committee formed, questions raised again on child safety
सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. छिंदगढ़ विकासखंड के पाकेला आवासीय पोटाकेबिन विद्यालय में बच्चों के भोजन में कथित तौर पर फिनाइल मिलाने की कोशिश की गई. यह घटना शुक्रवार को सामने आई. लेकिन अधीक्षक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया. अधीक्षक ने भोजन में असामान्य बदबू और गड़बड़ी को देखते ही फौरन खाना बाहर फिंकवा दिया और इसकी खबर अधिकारियों को दी. इस समय पर उठाए गए कदम से 426 बच्चों की जान बच गई.
शुरुआती जांच में इस चौंकाने वाली घटना के पीछे एक शिक्षक पर आरोप लगाया गया है. बताया जा रहा है कि शिक्षक ने बदले की भावना से यह कृत्य किया. आरोपी शिक्षक और अन्य संदिग्धों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने फौरन तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है. इस समिति में एसडीएम सूरज कश्यप, डीएमसी उमाशंकर तिवारी और एपीसी आशीष राम शामिल हैं. जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरु कर दी है और संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कर रही है.
कलेक्टर ध्रुव ने कहा कि ‘इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है. दो दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.’
अधीक्षक ने बताया कि उस रात बच्चों के लिए करीब 48 किलो बीन्स की सब्जी बनाई गई थी. अगर समय रहते बदबू का पता नहीं चलता तो 426 बच्चों की थाली में मौत परोसी जाती. सहायक अधीक्षक और अनुदेशकों की सतर्कता ने सैकड़ों परिवारों को मातम से बचा लिया.
इस घटना ने एक बार फिर आवासीय स्कूलों और पोटाकेबिन में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर अधीक्षक समय पर सजगता नहीं दिखाते तो यह घटना एक बड़े जनहानि में बदल सकती थी. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



