12वीं हिंदी पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई, व्हाट्सएप के जरिए छात्रों को प्रश्नपत्र भेजने के आरोप में रायपुर पुलिस ने तीन आरोपियों किया गिरफ्तार
Raipur police arrested three accused in Class 12 Hindi paper leak case for sending question papers to students via WhatsApp.
रायपुर : छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा के हिन्दी प्रश्नपत्र लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने परीक्षा से पहले हस्तलिखित हिन्दी प्रश्नपत्र व्हाट्सएप के जरिए छात्रों तक पहुंचाया था. पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 130/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 4, 5 और 10 सहित भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 और 316 के तहत कार्रवाई की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक 17 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं के हिन्दी प्रश्नपत्र के परीक्षा से पहले उजागर होने की शिकायत सामने आई थी. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस अधिकारियों ने इसे शिक्षा व्यवस्था और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाला गंभीर मामला माना. पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिस उपायुक्त मध्य जोन उमेश प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरु की गई.
जांच के दौरान पुलिस ने उस हस्तलिखित हिन्दी प्रश्नपत्र की जांच की. जिसे व्हाट्सएप के जरिए वायरल किया गया था. इसके बाद प्रदेश के अलग-अलग शहरों और गांवों में जाकर छात्रों और अन्य लोगों से पूछताछ की गई. जांच में यह सामने आया कि आरोपी वेणु कुमार जंघेल ने एक छात्र को व्हाट्सएप पर हिन्दी प्रश्नपत्र भेजा था. इसके बदले उसने ऑनलाइन माध्यम से तीन हजार रुपए लिए थे. पुलिस ने बैंक खाते की जानकारी खंगालकर इस लेनदेन की पुष्टि भी की है.
पुलिस पूछताछ में वेणु कुमार जंघेल ने मामले से जुड़े अन्य लोगों के नाम बताए. इसके आधार पर पुलिस ने ग्राम बोरतरा जिला बेमेतरा निवासी विकास सेन और हायर सेकेंडरी स्कूल बोरतरा के पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे को तलब कर पूछताछ की. पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि जवाहर लाल कुर्रे ने ही वेणु जंघेल और विकास सेन को 12वीं हिन्दी का हस्तलिखित प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था. पुलिस के मुताबिक जवाहर लाल कुर्रे ने भी इस बात को कबूल किया है. हालांकि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जवाहर लाल कुर्रे तक प्रश्नपत्र कहां से और किस माध्यम से पहुंचा.
मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस को इस नेटवर्क में अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका है. पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनमें वेणु कुमार जंघेल उम्र 19 साल निवासी ग्राम बोरतरा जिला बेमेतरा हाल गोकुल नगर रायपुर, जवाहर लाल कुर्रे उम्र 40 साल निवासी ग्राम बीजा ब्लॉक साजा जिला बेमेतरा और विकास सेन उम्र 22 साल निवासी ग्राम बोरतरा जिला बेमेतरा शामिल हैं. अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस अब पूरे पेपर लीक नेटवर्क की जांच कर रही है. ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके. फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
आरोपी
वेणु कुमार जंघेल उम्र 19 साल निवासी ग्राम बोरतरा जिला बेमेतरा हाल गोकुल नगर रायपुर छत्तीसगढ़
जवाहर लाल कुर्रे उम्र 40 साल निवासी ग्राम बीजा ब्लॉक साजा जिला बेमेतरा छत्तीसगढ़
विकास सेन उम्र 22 साल निवासी ग्राम बोरतरा जिला बेमेतरा छत्तीसगढ़
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



