चार एसडीओ और डिप्टी कलेक्टर को शोकॉज नोटिस, तहसीलदार निलंबित, परीक्षा ड्यूटी में गैरहाजिर प्रधान पाठक और एकलव्य विद्यालय के अधीक्षक सस्पेंड

Show cause notice to four SDO and Deputy Collector, Tehsildar suspended, Principal and Superintendent of Eklavya School suspended for being absent in examination duty

चार एसडीओ और डिप्टी कलेक्टर को शोकॉज नोटिस, तहसीलदार निलंबित, परीक्षा ड्यूटी में गैरहाजिर प्रधान पाठक और एकलव्य विद्यालय के अधीक्षक सस्पेंड

चार एसडीओ और डिप्टी कलेक्टर को शोकॉज नोटिस

बिलासपुर : बिलासपुर जिले में कलेक्टर ने कृषि विभाग के बिल्हा, तखतपुर, मस्तूरी और कोटा के चार एसडीओ (SDO) को शोकॉज नोटिस जारी किया है. इन अधिकारियों पर एग्रीस्टेक योजना के तहत किसानों के पंजीयन में लापरवाही बरतने का आरोप है. कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि अगर तीन दिनों के भीतर पंजीयन प्रक्रिया में सुधार नहीं हुआ. तो संबंधित अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया जाएगा. इसके अलावा, डिप्टी कलेक्टर अरुण खलखो को भी शोकॉज नोटिस जारी किया गया है. वे बिना पूर्व सूचना के टीएल बैठक से गैरहाजिर रहे. जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई है और उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है. इन नोटिसों के जरिए प्रशासनिक जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI

तहसीलदार निलंबित

बलौदाबाजार : सुहेला तहसीलदार कुणाल सेवईया को सरकार ने सस्पेंड कर दिया है. किसान हीरालाल साहू और उसके बेटे ने तहसील कार्यालय में जहर का सेवन कर लिया था. राज्य सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एक आदेश जारी कर तहसीलदार को बस्तर मुख्यालय अटैच कर दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक बुढ़गहन गांव के किसान हीरालाल साहू अपनी जमीन के कब्जे को लेकर कई महीने से तहसील कार्यालय का चक्कर काट रहा था. बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें इंसाफ नहीं मिल रहा था. उल्टा तहसीलदार कुणाल सेवईया ने कथित रुप से धमकी देते हुए जेल भिजवाने तक की धमकी दे दी. उनके इस व्यवहार से आहत होकर हीरालाल साहू ने 12 मार्च को अपने बेटे के साथ तहसील कार्यालय परिसर में ही आत्मघाती कदम उठाते हुए कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया था. घटना के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.
इधर ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ तहसीलदार के निलंबन से समस्या हल नहीं होगी. किसान को मुआवजा दिया जाए और उनके इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाए. तहसील कार्यालय में किसानों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था की जाए. ताकि उन्हें बार-बार चक्कर ना लगाने पड़े. इस घटना में शामिल अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI

5वीं की परीक्षा ड्यूटी में अनुपस्थित प्रधान पाठक निलंबित, 

बेमेतरा : जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला परपोड़ी के प्रधान पाठक त्रिलोचन दिवाकर को परीक्षा में लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
दिवाकर को शासकीय प्राथमिक शाला बगडुमार में आयोजित कक्षा 5वीं की केंद्रीकृत परीक्षा के लिए केंद्राध्यक्ष नियुक्त किया गया था. सोमवार को गणित विषय की परीक्षा के दिन वे बिना किसी पूर्व सूचना के परीक्षा केंद्र से गैरहाजिर रहे. संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयक परपोड़ी द्वारा कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया. लेकिन उनका मोबाइल बंद पाया गया. इसके बाद परीक्षा संचालन के लिए संकुल प्राचार्य अजय सिंह ठाकुर को अस्थायी केंद्राध्यक्ष नियुक्त किया गया. विकासखंड शिक्षा अधिकारी साजा द्वारा दी गयी जानकारी से जिला शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया.
जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है. जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य से बिना सूचना अनुपस्थित रहना उनके पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है. उनका यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 (1), (2), (3) का उल्लंघन करता है. इस अनुशासनहीनता के चलते त्रिलोचन दिवाकर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बेरला निर्धारित किया गया है। इस दौरान वे नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता के पात्र होंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI

एकलव्य विद्यालय के अधीक्षक निलंबित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : एकलव्य आदर्श विद्यालय लाटा में 9वीं के छात्र शिवम सिंह की मौत के मामले में एकलव्य विद्यालय के अधीक्षक रामबिलास को सस्पेंड कर दिया गया है.
इस मामले की जांच में अधीक्षक रामबिलास की लापरवाही के कारण छात्रावास में रहकर पढ़ने वाले बालक शिवम सिंह की मौत होना पाया गया था. घटना से तीन दिन पहले से ही बच्चे की हालत ठीक नहीं थी. उसे खून की कमी भी थी. सही समय पर इलाज नहीं कराने के कारण उनकी मौत हुई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर आदिवासी विभाग गौरेला पेंड्रा मरवाही ने भी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के अधीक्षक रामबिलास को लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित करने की अनुशंसा की थी. बच्चे के परिजनों ने भी अधीक्षक पर लापरवाही का आरोप लगाया था. जांच में भी लापरवाही पाए जाने पर छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति रायपुर ने एकलव्य विद्यालय के अधीक्ष पर निलंबन की कार्रवाई की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI