तालाब मूल्यांकन के बदले किसान से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरईएस के एसडीओ ऋषिकांत को किया गिरफ्तार

The Anti-Corruption Bureau arrested RES SDO Rishikant for accepting a bribe of Rs 15,000 from a farmer in exchange for pond valuation.

तालाब मूल्यांकन के बदले किसान से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो ने आरईएस के एसडीओ ऋषिकांत को किया गिरफ्तार

सूरजपुर : सूरजपुर जिले के प्रेमनगर में पदस्थ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग (आरईएस) के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) ऋषिकांत तिवारी को 15000 रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. शासन की योजना के तहत निर्मित तालाब के मूल्यांकन के बदले में एसडीओ किसान डिसम्बर सिंह से रिश्वत ले रहा था. इस दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने उसे पकड़ लिया. यह मामला प्रेमनगर जनपद पंचायत नवापारा खुर्द का है.
मिली जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के प्रेमनगर जनपद क्षेत्र के ग्राम नवापारा खुर्द निवासी किसान डिसम्बर सिंह की जमीन पर मत्स्य योजना के तहत तालाब निर्माण का काम कराया गया था. ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग की देखरेख में निर्मित तालाब का मूल्यांकन होने के बाद ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाती है.
मूल्यांकन के लिए कृषक डिसम्बर सिंह लगातार ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के प्रेमनगर स्थित कार्यालय का चक्कर लगा रहा था. लेकिन अधिकारी टालमटोल कर रहे थे. आखिरकार एसडीओ ऋषिकांत तिवारी द्वारा तालाब के मूल्यांकन के बदले 15000 रिश्वत की मांग की गई.
किसान डिसम्बर सिंह यह रकम देना नहीं चाहता था. बल्कि एसडीओ को रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़वाना चाहता था. उसने एसडीओ द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो के अंबिकापुर स्थित कार्यालय में की थी. शिकायत की जांच करने पर एसडीओ द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. तब एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एसडीओ को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ने की प्लान बनाई.
योजना के तहत किसान को बुधवार को प्रेमनगर स्थित कार्यालय में ही एसडीओ को रिश्वत देना था. जब किसान रिश्वत की राशि लेकर वहां पहुंचा तो पता चला कि बैठक हो रही है. यहां एसडीओ ने किसान से कहा कि अभी बैठक चल रही है. इसलिए वह घर चला जाए. जब वह शाम को कार्यालय से लौटेंगे तो किसान से उसके घर से ही रकम ले लेंगे. इस पर किसान अपने नवापारा खुर्द स्थित घर लौट आया था.
देर शाम प्रेमनगर मुख्यालय से एसडीओ रिश्वत की रकम लेने किसान डिसम्बर सिंह के घर पहुंचा. उस दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारी- कर्मचारी आसपास की मौजूद थे. जैसे ही एसडीओ ने रिश्वत की रकम ली. फौरन उसे पकड़ लिया. आगे की कार्रवाई एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम द्वारा की जा रही है. एंटी करप्शन के अधिकारियों ने बताया कि एसडीओ के संपत्ति की भी जांच की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t