बच्चा चोरी की अफवाह में पकड़ी गई तीन महिलाएं, पुलिस की जांच में खुला बड़ा राज, 3 साल पुराने चोरी-ठगी मामले की आरोपी निकली एक महिला

Three women arrested for child-lifting hoaxes; police investigation uncovers a major mystery; one woman is accused in a 3-year-old theft and fraud case.

बच्चा चोरी की अफवाह में पकड़ी गई तीन महिलाएं, पुलिस की जांच में खुला बड़ा राज, 3 साल पुराने चोरी-ठगी मामले की आरोपी निकली एक महिला

बिलासपुर/सीपत :बिलासपुर जिला के सीपत थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह के बीच ग्रामीणों द्वारा पकड़ी गई तीन महिलाओं की जांच में पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा मिला है. पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि इनमें से एक महिला करीब तीन साल पुराने ठगी और चोरी के मामले की आरोपी है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को ग्राम बनियाडीह में घूम-घूमकर भीख मांगने वाली तीन महिलाओं को ग्रामीणों ने बच्चा चोर होने के शक में पकड़ लिया. ग्रामीणों का आरोप था कि महिलाएं बच्चों को चॉकलेट का लालच देकर अपने पास बुला रही थीं. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी और तीनों महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया.
पुलिस तीनों महिलाओं को सीपत थाना लेकर आई और पूछताछ शुरू की. शुरुआत में महिलाओं ने पुलिस को अपने नाम और पता अलग-अलग बताकर गुमराह करने की कोशिश की. हर बार नाम बदलने पर पुलिस को शक हुआ. कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना सही नाम-पता बताया और चकरभाठा क्षेत्र का निवासी होना कबूल किया.
रिकॉर्ड मिलान करने पर सामने आया कि उनमें से एक महिला की पहचान झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई उम्र 55 साल निवासी ग्राम जाली, थाना रतनपुर के रूप में हुई. जो पूर्व में ग्राम कुकदा में दर्ज ठगी और चोरी के मामले की आरोपी है. पुलिस ने पुराने मामले में उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
झाड़-फूंक के बहाने घर में घुसकर चोरी का आरोप
सीपत पुलिस के मुताबिक ग्राम कुकदा में 8 दिसंबर 2023 की रात झाड़-फूंक के बहाने एक दंपती घर पहुंचा था. पीड़ित परिवार के मुताबिक रात करीब 11:45 बजे उनके पिता अनिल कानगो और मां गोंदा बाई के बुलाने पर जाली गांव के जनकराम सोंरा और उसकी पत्नी घर आए थे। झाड़-फूंक के दौरान एक पेटी में 50 हजार रुपये नकद, करीब 40 ग्राम चांदी की पायल, सोने की बिछिया, दो सोने की फुल्ली और दो चांदी की अंगूठियां रखवाई गई थीं.
आरोप है कि झाड़-फूंक के दौरान दंपती ने घर के लोगों को नींबू गाड़ने के बहाने बाहर भेज दिया और मौका पाकर पेटी से नकदी और जेवर पार कर दिए. सुबह जब परिवार ने पेटी देखी तो उसका हुक उखड़ा हुआ था और अंदर रखे करीब 60 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के जेवर गायब थे. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने उस समय मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
दो महिलाओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
वहीं साथ में पकड़ी गई अन्य दो महिलाओं के खिलाफ सीपत पुलिस ने शांति भंग की आशंका के चलते धारा 109 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में बच्चा चोरी की कोई घटना नहीं हुई है. सोशल मीडिया में फैल रही भ्रामक खबरों से लोगों में डर का माहौल बन रहा है. उन्होंने लोगों से अपील किया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की खबर फौरन पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहों के कारण कई जगह भीड़ हिंसा जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं, इसलिए लोगों को सतर्क और जिम्मेदार रहने की जरूरत है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB