खुद को बजरंग दल और पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट व अपहरण करने वाले 2 फरार आरोपी गिरफ्तार,3 पहले ही जा चुके सलाखों के पीछे, स्विफ्ट कार जब्त

Two absconding accused arrested for robbery and kidnapping while posing as Bajrang Dal members and police personnel; three others are already behind bars, and a Swift car has been seized.

खुद को बजरंग दल और पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट व अपहरण करने वाले 2 फरार आरोपी गिरफ्तार,3 पहले ही जा चुके सलाखों के पीछे, स्विफ्ट कार जब्त

धमतरी/मगरलोड : धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में मवेशी लेकर जा रहे लोगों को रास्ते में रोककर मारपीट, अपहरण और लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को कथित तौर पर “बजरंग दल और पुलिस वाला” बताकर पीड़ितों को डराते-धमकाते थे. इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. अब फरार चल रहे विकास और साहिल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 3 मार्च 2026 को ग्राम छाती, थाना कुरुद निवासी देवेन्द्र कुमार मारकण्डे अपने साथी फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार और दुर्गेश कुमार के साथ पिकअप वाहन में बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहा था. इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार नम्बर CG 05 AP 6389 में सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया. आरोप है कि कार सवार लोगों ने खुद को “बजरंग दल और पुलिस वाला” बताकर पीड़ित और उसके साथियों को डराया-धमकाया. इसके बाद गाली-गलौज और मारपीट की गई.
अपहरण कर 43,800 रुपए लूटने का आरोप
आरोपियों ने देवेन्द्र कुमार का कथित रूप से अपहरण कर लिया और उसे अपने साथ दुगली की तरफ ले गए. रास्ते में आरोपियों ने पीड़ित से 13 हजार 800 रुपए नकद ले लिए. इसके अलावा PhonePe के जरिए 30 हजार रुपए जबरन ट्रांसफर कराने का आरोप है। इस तरह पीड़ित से कुल 43 हजार 800 रुपए की लूट की गई. वारदात के बाद पीड़ित ने मगरलोड थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु की.
तीन आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों ओमकार कुर्रे उम्र 40 साल, चांद कुर्रे उम्र 19 साल और राहुल कुर्रे उम्र 26 साल को पहले गिरफ्तार किया था. तीनों आरोपियों को 6 मार्च को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था.पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति स्विफ्ट कार जब्त की गई. जिसकी अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपए है. इसके अलावा करीब 57 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल फोन और लूटी गई रकम में से एक हजार रुपए नकद बरामद किए गए थे. पुलिस के मुताबिक कुल करीब 7 लाख 58 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई थी.
फरार चल रहे दो आरोपी भी पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद से सह-आरोपी विकास आडिल और साहिल अली फरार चल रहे थे. दोनों की तलाश लगातार की जा रही थी. उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 193(9) के तहत अभियोग पत्र अदालत में पेश किए जाने की जानकारी भी पुलिस ने दी है. इसी बीच मुखबिर से मिली खबर और तकनीकी सबूतों के आधार पर मगरलोड पुलिस ने दोनों आरोपियों की घेराबंदी की और उन्हें हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता कबूल किया. आरोपियों के कथित बयान के आधार पर लूटी गई रकम के बंटवारे में मिले हिस्से में से बची नकदी भी बरामद की गई है.
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास आडिल उम्र 22 साल निवासी ग्राम पाईकभाठा, थाना सिहावा और साहिल अली उम्र 23 सालनिवासी ग्राम पाईकभाठा, थाना सिहावा के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 127(2), 296, 115(2), 351(3), 140(3), 310(2) और 309(6) के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट कुरुद की अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. मामले से जुड़े तकनीकी और अन्य सबूतों की जांच भी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और इस तरह के अपराधों पर नियंत्रण के लिए अभियान जारी रहेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?