पचरी में हथौड़े से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, अवैध प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद बना हत्या के प्रयास की वजह
Two accused arrested for attempted murder with a hammer in Pachari; illicit love affair and family dispute became the reason for the attempted murder
धमतरी/सिहावा : धमतरी जिला के थाना सिहावा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांकरा में हुए हत्या के प्रयास के एक गंभीर और सनसनीखेज मामले का सिहावा पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर एक हफ्ते के भीतर की गई
मिली जानकारी के मुताबिक 4 जनवरी 2026 को ग्राम सांकरा स्थित दन्तेश्वरी मंदिर तालाब पचरी में अज्ञात आरोपियों ने धनेश्वर जोगी (उम्र 35 साल) पर किसी ठोस वस्तु से सिर और सिर के पिछले हिस्से में जानलेवा हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया था. वारदात की खबर मिलने पर थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरु की गई.
जांच के दौरान तकनीकी सबूतों और जांच से चौंकाने वाला खुलासा हुआ. जांच में सामने आया कि पीड़ित धनेश्वर जोगी का आरोपी जितेन्द्र कुमार चंदनिया की पत्नी से लगातार संपर्क था और दोनों के बीच अवैध प्रेम संबंध थे. इसी बात को लेकर आरोपी जितेन्द्र चंदनिया का अपनी पत्नी और पीड़ित के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. घटना के दिन दोपहर में पीड़ित का विवाद आरोपी चन्द्रप्रकाश चंदनिया की पत्नी से भी हुआ था.
इस विवाद से आक्रोशित होकर दोनों आरोपियों ने मिलकर खतरनाक प्लान रचा. आरोपियों को यह जानकारी थी कि पीड़ित रोजाना शाम के समय दन्तेश्वरी तालाब पचरी में बैठता है. इसी योजना के तहत 4 जनवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे अंधेरे का फायदा उठाकर पीड़ित पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया.
आरोपी जितेन्द्र चंदनिया ने लोहे के हथौड़े से पीड़ित के सिर के पीछे वार किया. जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद आरोपी चन्द्रप्रकाश चंदनिया ने पीड़ित की पीठ पर लात मारकर उसे फिर गिरा दिया.
पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल किया. जिसके बाद उनके बयान के आधार पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का हथौड़ा जप्त किया गया. जुर्म का पुख्ता सबूत मिलने पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
आरोपी
(01) जितेन्द्र कुमार चंदनिया पिता स्व प्रेमलाल चंदनिया उम्र 38 साल साकिन सतनामी पारा सांकरा थाना सिहावा जिला धमतरी (छ.ग.)
(02) चन्द्रप्रकाश चंदनिया पिता बिसहत लाल चंदनिया उम्र 43 साल साकिन सतनामी पारा सांकरा थाना सिहावा जिला धमतरी (छ.ग.)
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.wp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



