आरंग में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, काल बनकर आया तेज रफ्तार ट्रक, एक महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत, ड्राइवर गिरफ्तार
Wedding celebrations in Arang turned to mourning as a speeding truck killed two people, including a woman, and the driver was arrested.
आरंग/रायपुर : छत्तीसगढ़ के आरंग क्षेत्र में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. अमेठी रोड स्थित बजरंग केमिकल कंपनी के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग महिला और एक युवक की मौत हो गई. जबकि एक अन्य जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं. पुलिस ने भाग रहे आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है. जो नशे की हालत में वाहन चला रहा था.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम गुल्लू निवासी नन्द कुमार लोधी अपनी मां राजकुमारी लोधी और सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य डोमार सिंह लोधी की मां कुंती बाई लोधी को बाइक नम्बर CG04 NA 0271 पर बैठकर आरंग में एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि घर वापसी का यह सफर इतना भयावह होगा.
अमेठी रोड मोड के पास सामने से आ रहे ट्रक नम्बर CG08 Z 9541 के ड्राइवर ने लापरवाही और अत्यधिक रफ्तार से वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं.
राहगीरों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल आरंग पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कुंती बाई लोधी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, नन्द कुमार और राजकुमारी लोधी की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल रायपुर रेफर किया गया. जहां इलाज के दौरान एक युवक ने भी दम तोड़ दिया.
आरंग पुलिस ने फरार ट्रक ड्राइवर को राजिम रोड में ग्राम चरौदा के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरु कर दी है.
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने पाया कि ट्रक चालक बेहद शराब के नशे में था. नशे की हालत में भारी वाहन चलाने की उसकी इस सनक ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. आरंग पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है. मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



