गरियाबंद में जंगली हाथियों का आतंक, कमार परिवार का घर तोड़ा, 4 दिन बाद भी नहीं पहुंचा वन विभाग, इधर मैदान से लेकर बस्ती तक बेखौफ घूम रहा भालू

Wild elephants wreak havoc in Gariaband, destroying a Kamar family's home; the Forest Department has failed to arrive even after four days, while a bear roams fearlessly from the open fields to the settlement.

गरियाबंद में जंगली हाथियों का आतंक, कमार परिवार का घर तोड़ा, 4 दिन बाद भी नहीं पहुंचा वन विभाग, इधर मैदान से लेकर बस्ती तक बेखौफ घूम रहा भालू

कमार परिवार का घर तोड़ा, 4 दिन बाद भी नहीं पहुंचा वन विभाग
मैनपुर : गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जिड़ार के आश्रित सिहार गांव में एक बार फिर जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला. हाथियों के झुंड ने राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र विशेष जनजाति कमार परिवार के एक मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया. इस दौरान घर में रखी खाद्य सामग्री और अन्य घरेलू सामान भी बर्बाद हो गया.
ग्रामीणों के मुताबिक घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी वन विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचा. इससे ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है.
ग्रामीणों ने बताया कि सिहार गांव और आसपास का क्षेत्र पहले भी जंगली हाथियों की आवाजाही से प्रभावित रहा है. पहले भी हाथियों के हमले में कई ग्रामीण अपनी जान गंवा चुके हैं. लेकिन इसके बावजूद हाथियों का विचरण लगातार जारी है. इससे गांव के लोगों में दर्र का माहौल बना हुआ है.
पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द सर्वे कर नुकसान का आकलन करने, उचित मुआवजा देने और गांव में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है.
फिलहाल ग्रामीणों की नजर वन विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए. तो भविष्य में बड़ी जनहानि की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता. भारत के कई राज्यों में मानव-हाथी संघर्ष लगातार गंभीर चुनौती बना हुआ है. जिसके समाधान के लिए त्वरित राहत और दीर्घकालिक प्रबंधन की जरुरत बताई जाती रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t

मैदान से लेकर बस्ती तक बेखौफ घूम रहा भालू
महासमुंद/बागबाहरा : बागबाहरा में शुक्रवार सुबह एक जंगली भालू की दस्तक से लोगों में दहशत फैल गई. सुनसानिया ग्राउंड में मॉर्निंग वॉक, दौड़, योग और क्रिकेट के लिए पहुंचे लोग उस समय घबरा गए, जब एक भालू अचानक करीब 7 फीट ऊंची दीवार फांदकर मैदान के अंदर पहुंच गया। कुछ देर मैदान में घूमने के बाद वह बाहर निकला और शहर की रिहायशी बस्ती से होते हुए रेलवे पटरी पार कर जंगल की तरफ चला गया. राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
मैदान में मची अफरा-तफरी
चश्मदीदों के मुताबिक सुबह करीब 5:45 बजे मैदान में बड़ी तादाद में लोग मौजूद थे. कोई मॉर्निंग वॉक कर रहा था. कुछ लोग दौड़ लगा रहे थे. जबकि कई युवक क्रिकेट खेलने की तैयारी में थे. इसी बीच अचानक भालू ने मैदान की ऊंची दीवार फांदकर प्रवेश किया. उसे देखते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सभी सुरक्षित दूरी बनाने लगे.
चश्मदीदों का कहना है कि मैदान में लोगों की आवाजाही और हलचल देखकर भालू कुछ देर तक इधर-उधर घूमता रहा. इसके बाद वह उसी दिशा में लौटा और जिस फुर्ती से मैदान में आया था. उसी तेजी से दोबारा 7 फीट ऊंची दीवार पार कर बाहर निकल गया. यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया.
फिर पहुंचा रिहायशी इलाके में
मैदान से निकलने के बाद भी भालू का मूवमेंट शहर में जारी रहा. सुबह करीब 6:15 बजे उसे एफसीआई के पास स्थित गली और जैन इलेक्ट्रिकल्स के आसपास घूमते हुए देखा गया. चश्मदीदों के मुताबिक भालू बेखौफ सड़क पर चलता रहा. फिर मुख्य सड़क पार कर रेलवे लाइन पार करते हुए जंगल की दिशा में निकल गया. इस दौरान भी कई लोगों ने दूर से उसके फोटो और वीडियो बनाए. जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
टला बड़ा हादसा
घटना सुबह के समय हुई. इसलिए संबंधित इलाके में भीड़ अपेक्षाकृत कम थी. यही वजह रही कि कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही घटना स्कूल, कार्यालय या बाजार खुलने के समय होती तो बड़ा हादसा हो सकता था.
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
शहर के बीच मैदान और रिहायशी इलाके में भालू के बेखौफ घूमने की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. नागरिकों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने और आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है. ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t