FOREX ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर टेलीग्राम ग्रुप से 74 लाख रुपये की साइबर ठगी, पुलिस ने 2 अंतर्राज्यीय आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

Cyber ​​fraud worth ₹74 lakh via a Telegram group promising high profits in Forex trading; police arrest two interstate accused from Rajasthan.

FOREX ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफे का झांसा देकर टेलीग्राम ग्रुप से 74 लाख रुपये की साइबर ठगी, पुलिस ने 2 अंतर्राज्यीय आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

रायपुर : FOREX ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 74 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो आरोपियों को रायपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने गूगल सर्च के जरिए पीड़ित को FIRSTIFY नाम के टेलीग्राम ग्रुप से जोड़कर निवेश कराया और अलग-अलग किश्तों में 74 लाख रुपए अपने खातों में ट्रांसफर करा लिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं. पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 अप्रैल 2026 को उन्होंने मोबाइल से FOREX ट्रेडिंग सर्च किया था. इसके बाद एक वेबसाइट के जरिए उनका नंबर FIRSTIFY टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया. ग्रुप के सदस्यों ने ज्यादा मुनाफे का लालच देकर उन्हें और उनके भतीजे को निवेश के लिए तैयार किया. दोनों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 74 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिया. लेकिन न तो कोई फायदा मिला और न ही रकम वापस हुई.
मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाने में धारा 318(4) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया गया. इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की.
तकनीकी जांच से राजस्थान तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों, टेलीग्राम आईडी, व्हाट्सएप अकाउंट और डिजिटल ट्रांजेक्शन की चेन एनालिसिस की। तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिली. पुलिस टीम वहां पहुंची और लगातार निगरानी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में कबूली ठगी
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करना कबूल किया. पुलिस अब जब्त मोबाइल और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों और अन्य राज्यों में की गई ठगी का पता लगाया जा सके.
गिरफ्तार आरोपी
मुकेश कुमार मीणा उम्र 26 साल निवासी डोला का बांस, थाना कालाडेरा, जिला जयपुर (राजस्थान)
संदीप कुमार उम्र 24 साल निवासी शाहपुरा, थाना जाजोत, जिला सीकर (राजस्थान)
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?