घर के बाहर खेल रही 3 वर्षीय बच्ची पर तेंदुए ने किया हमला, मासूम को उठाकर ले जाने की कोशिश, मां और ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान, मचा हड़कंप
A leopard attacked a 3-year-old girl playing outside her home, attempting to carry her away. Vigilance by the mother and villagers saved her life, causing panic.
गरियाबंद/कोटरीछापर : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में तेंदुए के हमले से एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया. कोटरीछापर गांव में 3 साल की मासूम बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर उसे उठाकर ले जाने की कोशिश की. लेकिन मां और ग्रामीणों की सतर्कता से बच्ची की जान बच गई.
मिली जानकारी के मुताबिक कोटरीछापर गांव में घर के आंगन के बाहर खेल रही बच्ची पर अचानक तेंदुए ने झपट्टा मार दिया. तेंदुआ बच्ची को उठाकर ले जाने ही वाला था कि उसकी मां ने शोर मचाया और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सभी ने मिलकर हिम्मत दिखाते हुए बच्ची को तेंदुए के चंगुल से छुड़ा लिया.
तेंदुए के हमले से बच्ची के गर्दन और पैर में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं. बच्ची को बचाने के बाद उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज जारी है. बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है.
वहीं घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल 1,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की है. साथ ही आस-पास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले भी तेंदुए की गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है. करीब दो महीने पहले भी इसी इलाके में एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला किया था. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग किया कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं. साथ ही सुरक्षा के स्थायी उपाय किए जाएं. ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
वन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर ट्रैप या अन्य उपायों के माध्यम से तेंदुए को नियंत्रित करने की कार्रवाई की जाएगी. यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव की तरफ़ संकेत करती है. जिसके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की जरुरत महसूस की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



