बढ़ई को रस्सी से बांधकर बेरहमी से मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होने के बाद पुलिस ने पड़ोसी परिवार के 4 लोगों को किया गिरफ्तार
A carpenter was tied with a rope and brutally beaten. After the video went viral on social media, the police arrested four members of a neighboring family.
जशपुर/बागबहार : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में एक युवक को रस्सी से बांधकर बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है. यह वारदात बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम झारपारा की है. जहां आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा गया. वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 29 अप्रैल को पीड़ित जोगेंद्र बढ़ई उम्र 50 साल निवासी झारपारा अपने घर पर लकड़ी का काम कर रहा था. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले नवीन बंजारा और दिनेश बंजारा वहां पहुंचे और उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताते हुए गाली-गलौज करने लगे. जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो दोनों भाइयों ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया.
इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर जोगेंद्र बढ़ई को रस्सी से बांध दिया और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की. इस पूरी वारदात का किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया. जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया. पीड़ित ने 11 मई को बागबहार थाने में पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और दबिश देकर सभी को हिरासत में ले लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में नवीन बंजारा (35), दिनेश बंजारा (42), भगवती बंजारा (60) और अंजुलता बंजारा (31) शामिल हैं। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रस्सी, डंडा और लोहे की सरिया भी बरामद किया है.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपी पड़ोसी हैं. और उनके बीच पहले से ही छोटे-छोटे विवाद चलते आ रहे थे. जो इस वारदात के दौरान हिंसक रूप ले गए. जशपुर के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



