आरंग में दिनदहाड़े युवक से चाकूबाजी कर लूटपाट, फिर शराब दुकान में पार्टी, नवापारा पुलिस ने एक नाबालिग समेत 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

A young man was stabbed and robbed in broad daylight in Navapara, followed by a party at a liquor shop. Navapara police arrested three criminals, including a minor, and sent them to jail.

आरंग में दिनदहाड़े युवक से चाकूबाजी कर लूटपाट, फिर शराब दुकान में पार्टी, नवापारा पुलिस ने एक नाबालिग समेत 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

आरंग/नवापारा : रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मोबाइल और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को नवापारा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे और बाद में गोबरा नवापारा स्थित शराब भट्टी के पास बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे. इसी दौरान नवापारा पुलिस की नजर उन पर पड़ी और पूरी वारदात का खुलासा हो गया. पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम मोखला चंद्रप्रकाश डहरिया अपने 5 साल के बेटे के साथ 15 मई 2026 की सुबह बाइक से ससुराल ग्राम तूता गया था. दोपहर करीब 3 बजे जब वह वापस लौट रहा था. तभी सोनपैरी भांठा के नहर पार मोखला मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया.
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों ने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था. बदमाशों ने पहले युवक को घेरा और फिर पीछे बैठे आरोपी ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा. इसके बाद आरोपी 2 हजार रुपए नकद और मोबाइल लूटकर फरार हो गए.
वारदात की खबर मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल चंद्रप्रकाश को प्राइवेट अस्पताल आरंग में भर्ती कराया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरंग पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी.
इधर, थाना गोबरा नवापारा प्रभारी दीपेश जायसवाल के नेतृत्व में संध्या पेट्रोलिंग के दौरान नवापारा शराब भट्टी के आसपास तीन युवक शराब पीते मिले. पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से संदिग्ध सामान बरामद हुआ. कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने आरंग क्षेत्र में लूट और चाकूबाजी की वारदात कबूल कर ली. पुलिस ने आरोपी मुकेश नागरची उर्फ कुमकुम उम्र 20 साल निवासी शीतलापारा नयापारा, कुलेश्वर ध्रुव उम्र 22 साल निवासी भाठापारा पारागांव थाना गोबरा नवापारा और एक नाबालिग को हिरासत में लिया.
आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल, लूटी गई नकदी और मोबाइल बरामद कर लिया गया. तीनों आरोपियों को 17 मई 2026 को अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t