तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग, 4 घंटे तक रहा जाम, ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार

A high-speed trailer hit a motorcycle, killing one person and seriously injuring another. Angry villagers took to the streets, causing a four-hour traffic jam and the driver fleeing the vehicle.

तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे लोग, 4 घंटे तक रहा जाम, ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार

बिलासपुर : बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. ग्राम मटियारी के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो ग्रामीणों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भयावह था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम नरगोड़ा निवासी अशोक सूर्यवंशी पिता स्व दिलहरण सूर्यवंशी उम्र 40 साल और नरेंद्र बर्मन पिता छोटेलाल बर्मन उम्र 25 साल दोनों बाइक नम्बर CG10 AL 0594 से बिलासपुर की तरफ़ जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर नम्बर CG10 BH 6397 के चालक ने तेज रफ्तार में ओवरटेक करने की कोशिश की. इसी दौरान उसने कंट्रोल खो दिया और सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सहित ट्रेलर के नीचे आ गए. हादसे में अशोक सूर्यवंशी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि नरेंद्र बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने फौरन घायल को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को खबर दी. हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे तीन बेटियों और एक बेटे को छोड़ गया है. जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
इस हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे. देखते ही देखते सीपत बिलासपुर मार्ग पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया. जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया.
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. गाड़ी मालिक की तरफ़ से डेढ़ लाख रुपए देने की सहमति बनी. वहीं तहसीलदार समर्थ थवाईत ने तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की. इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम खत्म किया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार हादसों का कारण बन रही है. बिना नियमों का पालन किए दौड़ते ट्रेलर और अन्य भारी वाहन राहगीरों के लिए जानलेवा बनते जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t