बेकाबू होकर दुकान में जा घुसी तेज रफ्तार कार, एक की मौत, चार घायल, गुस्साए लोगों ने हाईवे पर किया चक्काजाम, गाड़ी में की तोड़फोड़
A speeding car lost control and rammed into a shop, one dead, four injured, angry people blocked the highway and vandalised the car
रायपुर/गोबरा नवापारा : राजधानी रायपुर से लगे राजिम इलाके में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल किनारे कपड़ा दुकान में घुस गई. हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए. घायलो की शिनाख्त शिवम ठाकुर , नवाब खोखर, मेहबूब खोखर और मोहम्मद शकील के रुप में हुई है. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक नवापारा नगर में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे नवापारा पुल के पास एक तेज रफ्तार मारुति सुजुकी ब्रेजा कार नंबर CG05 AJ 3716 अनियंत्रित होकर कपड़ा दुकान में जा घुसी. इस दर्दनाक हादसे में हंसराज कंसारी उम्र 40 साल की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि चार लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां इलाज जारी है. इस हादसे में शिवम ठाकुर उम्र 18 साल, मोहम्मद नवाब खोखर उम्र 55 साल, महबूब खोखर उम्र 45 साल और मो. शकील चौहान 45 साल घायल हुए हैं.
हादसे की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त कार को थाने ले जाने लगी. तभी उग्र भीड़ ने क्रेन को रोककर कार में जमकर तोड़फोड़ की. आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे-130 पर बिजली के खंभे डालकर रास्ता जाम कर दिया. जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई.
हालांकि भीड़ ने एम्बुलेंस को रास्ता देकर इंसानियत का परिचय दिया. करीब एक घंटे बाद पुलिस-प्रशासन की समझाइश के बाद जाम खत्म हुआ. कार चालक संतोष साहू (कुंडेल निवासी) हादसे के बाद मौके से भाग निकला और सीधे थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया.
हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम रवि सिंह, तहसीलदार सृजन सोनकर, नवापारा टीआई जितेंद्र असैया, राखी सीएसपी करण उके, अभनपुर टीआई अभिषेक चतुर्वेदी और राखी थाना टीआई अजीत राजपूत मौके पर पहुंचे और हालात को कंट्रोल किया.
स्थानीय लोगों ने गौशाला चौक को संवेदनशील क्षेत्र घोषित करने की मांग की. क्योंकि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं. चूंकि इसी चौक से पारागांव और इंदिरा मार्केट क्रासिंग भी है जो रायपुर-देवभोग नेशनल 130 हाइवे को जोड़ता है.
खबर पाकर नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू के प्रतिनिधि संजय साहू, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, नपा उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, मुकुंद मेश्राम, नपा के पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंह, पार्षद संध्या राव, पार्षद सहदेव कंसारी, पार्षद नम्मु ठाकुर, पार्षद हेमंत साहनी सहित बड़ी तादाद में लोग मौके पर पहुंच गए थे.
इस हादसे के वक्त दुकान में मौजूद घायल महबूब खोखर ने बताया कि कार बहुत तेज गति से पुल पार कर आई और अचानक अनियंत्रित होकर दुकानों की तरफ बढ़ गई. देखते ही देखते हंसराज कंसारी उसकी चपेट में आ गए और चार अन्य लोग घायल हो गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI




