बुखार होने पर इंजेक्शन के बाद महिला की संदिग्ध मौत, डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप, अस्पताल में हंगामा, जांच टीम गठित, तहकीकात कर रही पुलिस

A woman died under suspicious circumstances after receiving an injection while she had a fever, and doctors were accused of negligence, leading to a commotion at the hospital. An investigation team was formed, and the police were investigating.

बुखार होने पर इंजेक्शन के बाद महिला की संदिग्ध मौत, डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप, अस्पताल में हंगामा, जांच टीम गठित, तहकीकात कर रही पुलिस

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया. मृतका के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा. खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच समिति गठित कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक वाड्रफनगर क्षेत्र के ग्राम सोनहत निवासी राजकालिया पति रामअवतार को बुखार की शिकायत के बाद परिजन इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में महिला को इंजेक्शन लगाए जाने के 10 मिनट बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. महिला के पूरे शरीर में तेज खुजली, बेचैनी और घबराहट की शिकायत होने लगी.
परिजनों के मुताबिक देखते ही देखते महिला की हालत नाजुक हो गई और करीब 10 मिनट के भीतर उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि इंजेक्शन लगाने के बाद जब महिला की हालत बिगड़ी तो समय पर सहीं इलाज नहीं दिया गया.
परिजनों का कहना है कि अगर फौरन सही इलाज और निगरानी मिलती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी. मौत के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी तादाद में ग्रामीण और परिजन जमा हो गए. जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया.
इस मामले की खबर मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और हालात को संभाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल वजह का खुलासा हो सकेगा.
घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों में मरीजों के इलाज को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. वहीं परिजन मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच समिति गठित कर दी है.
जांच दल की अध्यक्षता बलरामपुर जिला अस्पताल के वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. रमेश कुमार को सौंपी गई है, जबकि डॉ. इंदु अवस्थी को सदस्य बनाया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने जांच टीम को जल्द निष्पक्ष रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t