पुरानी रंजिश में कार से अपहरण कर बेरहमी से पिटाई, घायल हालत में घर के पास फेंका गया युवक, मौत से नगर में दहशत और आक्रोश का माहौल

A young man was kidnapped from a car and brutally beaten due to an old rivalry. He was found injured and dumped near his home. The death has sparked panic and anger in the city.

पुरानी रंजिश में कार से अपहरण कर बेरहमी से पिटाई, घायल हालत में घर के पास फेंका गया युवक, मौत से नगर में दहशत और आक्रोश का माहौल

तखतपुर/बरेला : बरेला नगर पंचायत क्षेत्र में एक युवक के अपहरण के बाद उसकी निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुरानी रंजिश को लेकर 20 वर्षीय युवक को कार से अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का आरोप है. घटना के बाद युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई.वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर के समय राजकुमार धुरी पिता बेनीराम, उम्र 21 साल निवासी वार्ड क्रमांक 13 बरेला नगर पंचायत का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और शाम करीब पांच बजे उसे गंभीर रुप से घायल हालत में उसके घर के पास फेंक दिया गया. परिजन उसे फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर लेकर पहुंचे. जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात की खबर मिलते ही तखतपुर पुलिस ने मामले में जीरो में जुर्म दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
परिजनों ने बरेला निवासी एक व्यक्ति पर गंभीर आशंका जताई है. मृतक के परिजनों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति पिछले कई साल से उन पर अपना मकान बेचने का दबाव बना रहा था. मकान नहीं बेचने पर उसने परिवार को लगातार धमकियां दी थीं. परिजनों का यह भी कहना है कि कुछ समय पहले उस व्यक्ति द्वारा उनकी सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया था. हालांकि उस समय थाने में इसकी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी.
परिजनों के मुताबिक इसी विवाद के चलते संदिग्ध व्यक्ति का बेटा, एक महिला और अपने कुछ साथियों के साथ मृतक को ढूंढते हुए उसके रिश्तेदारों के यहां भी गया था. इससे परिवार पहले से ही दहशत और दबाव में था.
वारदात के दिन मृतक राजकुमार धुरी अपने ट्रैक्टर मालिक के साथ बिलासपुर से बरेला स्थित पंजाब बैंक आया हुआ था. दोपहर करीब तीन बजे जब वह बैंक से बाहर निकल रहा था. तभी चार से पांच लोगों ने उसे जबरदस्ती उठाकर कार में डाल लिया और मौके से फरार हो गए. इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी ट्रैक्टर मालिक ने बिलासपुर से लौटकर मृतक के पिता बेनीराम को दी.
जानकारी मिलते ही बेनीराम अपने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराने जरहागांव थाने पहुंचे. लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां यह कहकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई कि घटना की पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं है. जब वे निराश होकर थाने से वापस लौटे. तो घर पहुंचने पर राजकुमार घर के बरामदे में उल्टी करते हुए दर्द से कराहता मिला. परिजन उसे फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों का कहना है कि मृतक की पीठ पर पिटाई के साफ निशान थे. जिससे मारपीट की पुष्टि होती है. वहीं तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर सुनील हंसराज ने बताया कि प्रथम दृष्टि में मामला सामान्य नहीं बल्कि पिटाई से हत्या का मालूम होता है.
वारदात के बाद मृतक के पिता ने तखतपुर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. तब पुलिस ने जीरो में मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस हृदयविदारक घटना से नगर में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t