प्रसूता की मौत के बाद एक्शन, बिना मेडिकल डिग्री के चलाने वाले हॉस्पिटल संचालक समेत 12वीं पास झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार
Action taken after death of pregnant woman, hospital operator without medical degree and 12th pass quack doctor arrested
बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में प्रसूता की मौत के मामले में संस्कार हॉस्पिटल के संचालक सहित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. यह मामला कटगी स्थित संस्कार हॉस्पिटल से जुड़ा है. जहां अवैध तरीके से अस्पताल का संचालन और इलाज किया जा रहा था. यह मामला गिधौरी थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतिका अंजू प्रजापति गर्भवती थी. 8 जून 2025 की शाम करीब 6 बजे प्रसव पीड़ा शुरु होने पर उसे पहले एक रिटायर्ड नर्स के पास ले जाया गया. जहां लापरवाही से डिलीवरी कराई गई. इस दौरान बच्चा मृत पैदा हुआ और महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा. अस्पताल में आरोपी दुखित राम साहू द्वारा करीब दो घंटे तक महिला का इलाज किया गया. हालत नाजुक होने पर उसे संस्कार हॉस्पिटल कटगी ले जाया गया. लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई.
जांच में पाया गया कि अस्पताल में किसी भी पंजीकृत डॉक्टर की नियुक्ति नहीं की गई थी और नियमों को दरकिनार कर दो साल से अस्पताल का संचालन कर रहा था. पुलिस जांच में सामने आया कि संस्कार हॉस्पिटल कटगी में आरोपी दुखित साहू केवल 12वीं पास है. और उसके पास किसी भी तरह की वैध मेडिकल डिग्री या इलाज करने की अनुमति नहीं थी. इसके बावजूद वह लोगों का इलाज कर रहा था.
इस मामले एक्शन लेते हुए पुलिस ने अस्पताल के संचालक जोहित राम साहू और दुखित राम साहू को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
आरोपी
संचालक- जोहित राम साहू 40 साल निवासी बिल्हा, जिला बिलासपुर
12वीं पास झोलाछाप डॉक्टर- दुखित राम साहू 28 साल निवासी ग्राम खैरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



