ईद की नमाज के बाद गरियाबंद में गूंजा भाईचारे का पैगाम, देश में खुशहाली की मांगी दुआ, राहुल गांधी ने देशवासियों को दी ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं

After Eid prayers, a message of brotherhood resonated in Gariaband, prayers were offered for prosperity in the country, and Rahul Gandhi extended his best wishes on Eid al-Fitr.

ईद की नमाज के बाद गरियाबंद में गूंजा भाईचारे का पैगाम, देश में खुशहाली की मांगी दुआ, राहुल गांधी ने देशवासियों को दी ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं

गरियाबंद : गरियाबंद में ईद-उल-फितर का पावन पर्व इस साल भी पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया. सुबह से ही शहर में ईद की रौनक देखने को मिली. नए कपड़ों में सजे लोग, बच्चों की खिलखिलाहट और मस्जिदों-ईदगाहों की तरफ़ बढ़ते कदमों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया.
जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना असलम अज़हरी ने सुबह 9:30 बजे ईदगाह में विशेष नमाज अदा कराई. नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहा और अल्लाह से अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी. ईदगाह परिसर में भाईचारे और सौहार्द का अद्भुत दृश्य देखने को मिला. जहां छोटे-बड़े, अमीर-गरीब सभी ने एक साथ मिलकर त्योहार की खुशियां बांटीं.
इस मौके पर पूर्व नपा अध्यक्ष गफ़्फू मेमन ने कहा कि ईद-उल-फितर का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है. उन्होंने सभी लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि गरियाबंद की पहचान हमेशा से आपसी एकता और गंगा-जमुनी तहज़ीब रही है. इस तरह के पर्व हमें एक-दूसरे के करीब लाते हैं और समाज में सद्भाव को मजबूत करते हैं.
वरिष्ठ पत्रकार फ़ारूक़ मेमन ने कहा कि ईद केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और इंसानियत का संदेश देने वाला त्योहार है. उन्होंने कहा कि जिस तरह सभी समाज के लोग मिलकर इस पर्व को मना रहे हैं. वह गरियाबंद की खूबसूरती और भाईचारे की मिसाल है। उन्होंने सभी से शांति, प्रेम और आपसी सम्मान बनाए रखने की अपील की.
समाजसेवी सोहेल मेमन ने कहा कि ईद-उल-फितर का पर्व इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का सबसे बड़ा संदेश देता है. उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें सिखाता है कि हम अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों की मदद करें और खुशियां बांटें. सोहेल मेमन ने सभी शहरवासियों को ईद की मुबारकबाद देते हुए अपील की कि आपसी सद्भाव, शांति और एकता को हमेशा बनाए रखें, यही ईद की असली भावना है.
गरियाबंद की गंगा-जमुनी तहज़ीब की झलक भी इस दौरान साफ दिखाई दी. बौद्ध समाज के लोगों ने हर साल की तरह इस बार भी ईदगाह में मीठी खीर और सेवई का वितरण किया. नमाज से लौटते लोगों का स्वागत करते हुए उन्होंने सभी को बधाई दी और मिठास बांटी. यह नजारा सामाजिक समरसता और भाईचारे का जीवंत उदाहरण बना रहा.
वहीं नगरपालिका की तरफ़ से अध्यक्ष रिखी राम यादव और पार्षदों ने भी ईद के मौके पर विशेष पहल करते हुए शरबत वितरण किया। उन्होंने मुस्लिम समाज के प्रमुख लोगों से मुलाकात कर ईद की शुभकामनाएं दीं और शहर में आपसी सौहार्द बनाए रखने की बात कही.
सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. पुलिस अधीक्षक वेदव्रत के निर्देशन में ईदगाह, मस्जिदों और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा. चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ.
ईद-उल-फितर  रमजान के पूरे महीने के रोजों के बाद मनाया जाता है. खुशियों और शुक्राने का पर्व है. इस दिन लोग अल्लाह का शुक्र अदा करते हैं कि उन्होंने उन्हें रोजे पूरे करने की ताकत दी. घरों में सेवइयां, मिठाइयां और तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं. और रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ खुशियां साझा की जाती हैं.
गरियाबंद में मनाई गई यह ईद एक बार फिर यह संदेश दे गई कि त्योहार सिर्फ धार्मिक नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने और आपसी प्रेम बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम होते हैं.

मैनपुर में ईद पर निकला जुलुस

गरियाबंद : तहसील मुख्यालय मैनपुर नगर में आज शनिवार को ईद उल फितर का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया. सुबह 8 ,30 बजे रजा मस्जिद से जुलुस निकाला गया. यह जुलुस ईदगाह पहुंचा. जहां मौलाना सिब्तैन रजा खान साहब द्वारा ईद की विशेष नमाज अदा कराई गई.
ईदगाह में सलातो सलाम का नजराना पेश किया गया. प्रदेश व देश मे अमन शांति खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई. मुस्लिम भाईयों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मुस्लिम समाज के लोगों ने कब्रिस्तान पहुंचकर अपने मरहूमो के कब्रों में फुल, ईत्र चढ़ाकर फातिहा पढ़ी.
बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया
इस दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने पुलिस बल बड़ी तादाद मे तैनात थी. वहीं मैनपुर नगर मे ईद पर्व पर आपसी भाईचारा, सद्भावना देखने को मिला हिन्दु मुस्लिम भाई गले मिलकर एक दूसरे को बधाई देते नजर आ रहे हैं. मुस्लिम भाईओ के घरो मे दावतो का सिलसिला, मिठी सेवाई की खुशबू आ रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

ईद-उल-फितर के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने मुबारकबाद दी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ईद-उल-फितर के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "ईद करुणा, उदारता और एकता का उत्सव है. यह हमें हमारी साझा मानवता में निहित शक्ति और हमारे विविध एवं बहुलवादी समाज की सुंदरता की याद दिलाता है. कामना है कि यह शुभ अवसर शांति और समृद्धि लाए, और हम सभी को अपने आस-पास के लोगों के प्रति दया और सेवा भाव रखने के लिए प्रेरित करे."
इस मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने वीडियो संदेश दिया. उन्होंने कहा, "आप सबको ईद मुबारक। आपको और आपके परिवारों को बहुत सारा प्यार."
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी है. उन्होंने पोस्ट में लिखा, "प्रेम-मोहब्बत, मेल-मिलाप और भाईचारे के त्योहार ईद-उल-फितर की आप सभी को बहुत-बहुत मुबारकबाद. ये त्योहार आप सबके जीवन में ढेर सारी खुशियां लाए. सभी के लिए सुख, समृद्धि और शांति की कामना करती हूं." ईद-उल-फितर पर एनसीपी-एसपी के प्रमुख शरद पवार ने पोस्ट किया, "संयम, आस्था और आत्मशुद्धि का संदेश देने वाले पवित्र रमजान महीने का समापन बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है. यह पर्व भाईचारे, करुणा और आपसी स्नेह के महत्व को दर्शाता है. समाज में शांति, सौहार्द और परस्पर सम्मान को बढ़ावा देने की प्रेरणा मिलती है. एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना ही मानवता की सच्ची पहचान है. ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर हमारे सभी मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं." 
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ईद-उल-फितर की मुबारकबाद देते हुए कहा, "यह त्योहार आप सभी के जीवन में तरक्की, सौहार्द और खुशहाली लेकर आए. आपका जीवन खुशहाल, स्वस्थ और समृद्ध बना रहे." समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी. उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "यूं तो सबके अपने-अपने चंदा हैं, पर ईद का चांद एक है. ईद मुबारक."
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

रायपुर : रमजान के 30 रोजे और चांद दिखने के बाद आज प्रदेशभर में ईद-उल-फितर मनाई जा रही है. रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ समेत कई जिलों में सुबह बड़ी तादाद में नमाज़ियों ने नमाज अदा की। एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी.
इस दिन जकात और फितरा देने की परंपरा भी निभाई जाती है. जिससे जरूरतमंद लोग भी त्योहार की खुशियों में शामिल हो सकें। ईद को भाईचारे, खुशी और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक माना जाता है. रायपुर में ईदगाह भाठा समेत तमाम मस्जिदों में नमाज़ियों ने ईद की नमाज अदा की। कठिन रोजे के बाद ईद के दिन लोगों ने नमाज अदाकर देश-प्रदेश की खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी.
रायपुर शहर जमा मस्जिद के मुतवल्ली हाजी अब्दुल फहीम ने कहा कि, 30 दिन के रमज़ान के रोजे के बाद आज ईद का दिन अल्लाह की तरफ से सारे लोगों के लिए तोहफ़ा है। देश और प्रदेशवासियों को ईद की मुबारकबाद.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

बालोद में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया

बालोद : रमजान के रोज़ों के बाद खुशी का इजहार करने ईद-उल-फितर का त्योहार मुस्लिम समुदाय द्वारा बड़े ही खुशनुमा माहौल में मनाया गया। ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
जामा मस्जिद के पेश इमाम मोहम्मद शकील चिस्ती ने अपने बयान में कहा कि ईद अमीर-गरीब, यतीम, अपाहिज सभी लोगों की होती है। उन्होंने कहा कि हमें गरीबों, यतीमों, बेवाओं और जरूरतमंदों का विशेष ख्याल रखना चाहिए, क्योंकि उनकी खुशी में ही सबकी खुशी है।
उन्होंने पैगम्बर साहब के संदेश को याद करते हुए कहा कि सभी के साथ मिल-जुलकर खुशी मनाना ही असली ईद है। ईद का दिन अल्लाह की बारगाह में शुक्र अदा करने, दुआ मांगने और जरूरतमंदों की मदद करने का दिन है। अगर कोई गरीब व्यक्ति कपड़ों से वंचित है तो सक्षम लोगों को उसकी मदद करनी चाहिए ताकि वह भी खुशी से त्योहार मना सके.
हाफिज शकील चिस्ती ने कहा कि रमजान के रोजे ईद का सबसे बड़ा तोहफा हैं, जो अल्लाह की बारगाह में कबूल होते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस दिन दिलों में बसी नफरत और हसद को खत्म कर आपसी भाईचारा बढ़ाएं और एक-दूसरे से गले मिलें।
ईद की नमाज से पहले गरीबों की मदद करने और उनकी तकलीफ दूर करने का भी संदेश दिया गया, ताकि हर व्यक्ति इस त्योहार की खुशी में शामिल हो सके। नमाज के बाद प्रदेश और देश में अमन, शांति, तरक्की और भाईचारे के लिए खास दुआएं की गईं।
ईद-उल-फितर के अवसर पर बच्चे, बुजुर्ग और युवा नए वस्त्र पहनकर ईदगाह पहुंचे। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। इसके बाद कब्रिस्तान जाकर अपने मरहूमों के लिए मगफिरत की दुआएं भी की गईं। यह त्योहार “मीठी ईद” के नाम से भी जाना जाता है.
इस अवसर पर इंतजामिया कमेटी के शाहिद खान ने सभी मुस्लिम समाज को ईद की मुबारकबाद दी तथा कमेटी द्वारा किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन एवं नगरपालिका का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB