विधायक कॉलोनी में विंग कमांडर विपुल यादव ने की खुदकुशी, लव मैरिज करने वाली पत्नी के खिलाफ जुर्म दर्ज, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के आरोप
Wing Commander Vipul Yadav commits suicide in MLA Colony; case registered against wife who had a love marriage, alleging mental and physical torture
रायपुर : रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक कॉलोनी में विंग कमांडर विपुल यादव की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं. जिसके चलते खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 10-11 मार्च 2026 की दरम्यानी रात विंग कमांडर विपुल यादव उम्र 39 साल ने अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी. घटना के बाद तेलीबांधा थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरु की गई थी. जो अब आगे बढ़ते हुए आपराधिक मामले में बदल गई है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के समय उनकी पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव रायपुर में मौजूद नहीं थीं. वह आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं और बेंगलुरु में नौकरी करती हैं, जबकि घटना से दो दिन पहले दिल्ली चली गई थीं. विंग कमांडर अपने दो बच्चों के साथ रायपुर स्थित आवास में रह रहे थे. घटना के समय दोनों बच्चे घर के दूसरे कमरे में थे. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई थी. घटना के बाद सुबह घर में काम करने वाली महिला ने सबसे पहले विंग कमांडर को फांसी पर लटका देखा और इसकी खबर पुलिस को दी.
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई थी कि उन्होंने अपने बेडरुम के पंखे से लटककर खुदकुशी की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिवार और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए. जांच के दौरान मिले सबूतों और बयानों के आधार पर पुलिस ने पत्नी के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. विंग कमांडर विपुल यादव छत्तीसगढ़ में एंटी नक्सल ऑपरेशन से जुड़े कार्यों में पदस्थ थे. वर्ष 2014 में उनकी अर्जिता श्रीवास्तव से लव मैरिज हुई थी. उनकी पत्नी भी पहले एयरफोर्स में कार्यरत थीं और वर्तमान में निजी क्षेत्र में काम कर रही हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



