महानदी पुल के नीचे मिला पारागांव के युवक का शव, देर रात दोस्तों के साथ निकला, सुबह मिली लाश,व्हाट्सएप मैसेज से आत्महत्या की आशंका
Body of Youth from Paragaon Found Beneath Mahanadi Bridge; Left with Friends Late at Night, Body Discovered in the Morning; Suicide Suspected Based on WhatsApp Message.
रायपुर/आरंग : आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पारागांव में नेशनल हाईवे 53 पर महानदी पुल के नीचे सुबह 18 साल के युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है. मृतक की पहचान ग्राम पारागांव निवासी प्रेमलाल पाल पिता राजाराम पाल उम्र 18 साल के रुप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही मौके पर आरंग पुलिस पहुंच गई.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रेमलाल गुरुवार शाम से लापता था. परिजनों ने काफी तलाश की. लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. शुक्रवार सुबह पुल के नीचे शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मृतक के शरीर में किसी तरह के चोट के निशान नहीं है. आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक अपनी शारीरिक समस्याओं से परेशान था. मौत से पहले उसने अपने भाई को व्हाट्सएप में अपनी परेशानी को बताया था.
बताया जा रहा है कि मृतक कल शाम को अपने दोस्त के साथ निकला था, निसदा मोड़ के पास मृतक प्रेमलाल पाल आइस्क्रीम खाने रुका था और उसका दोस्त वहां से निकल गया था. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है.
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



