जंगल किनारे नाले में मिली अज्ञात युवती की लाश, इधर तालाब में तैरता मिला मजदुर का शव, इलाके में फैली सनसनी, दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस
Body of an unidentified young woman found in a drain near the forest; meanwhile, a laborer's body was discovered floating in a pond. The incidents have caused a sensation in the area, and the police are investigating both cases.
बालोद/आरंग : छत्तीसगढ़ के बालोद और आरंग में दो अलग-अलग घटनाओं में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. बालोद के गुरुर थाना क्षेत्र में जंगल किनारे नाले से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ. जबकि आरंग के ग्राम बरछा स्थित पुरैन तालाब में 43 साल के मजदूर का शव पानी में तैरता मिला. दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है.
जंगल किनारे नाले में मिला युवती का शव
पहली घटना बालोद जिले के गुरुर थाना क्षेत्र के हितेकसा गांव की है. यहां जंगल किनारे स्थित नाले में एक अज्ञात युवती का शव दिखाई दिया. बताया जा रहा है कि पानी के बहाव में शव बहता हुआ नजर आने के बाद ग्रामीणों ने इसकी खबर पुलिस को दी.
जानकारी मिलते ही गुरुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला. फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी पहचान करने के साथ ही मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है.
दुसरा मामला
तालाब में तैरता मिला मजदूर का शव
दूसरी घटना आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा की है. यहां पुरैन तालाब में 43 साल के मजदूर कोयल ध्रुव का शव पानी में तैरता मिला. जानकारी के मुताबिक, कोयल ध्रुव मंगलवार शाम से लापता थे. बुधवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं तालाब में नहाने पहुंचीं. इसी दौरान उन्हें पानी की सतह पर शव दिखाई दिया. महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी. पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.
छह बेटियों के पिता थे कोयल ध्रुव
परिजनों के मुताबिक कोयल ध्रुव मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे. उनके परिवार में पत्नी और छह बेटियां हैं. इनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है. जबकि चार बेटियां अभी अविवाहित हैं. कोयल ध्रुव की मौत के बाद परिवार पर दुख के साथ आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है.
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है. आरंग मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मजदूर की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है. वहीं, गुरुर पुलिस अज्ञात युवती की पहचान और उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



