कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार, पत्नी ने दूसरी महिलाओं से संबंध और जान से मारने का लगाया आरोप, वीडियो वायरल

Cabinet Minister Rekha Arya’s husband, Girdhari Lal Sahu, has been arrested; his wife has accused him of having affairs with other women and threatening to kill her—a video of the incident has gone viral.

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार, पत्नी ने दूसरी महिलाओं से संबंध और जान से मारने का लगाया आरोप, वीडियो वायरल

देहरादून : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद से फरार उनके पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. साहू को मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने यूपी के झांसी से शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया. उनके अलावा उनके एक करीबी सतेंद्र राठौर को यूपी के बरेली से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद मंत्री के पति ने कहा कि अगर मेरे जेल जाने से मेरी मंत्री पत्नी को खुशी मिल रही है तो यही सही है. मैं निर्दोष हूं.
रेखा आर्य ने पति के खिलाफ दर्ज कराई थी FIR
मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री आर्य द्वारा मारपीट, धोखाधड़ी, जातिसूचक टिप्पणियां करने और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोपों में 15 अक्टूबर को FIR दर्ज कराए जाने के बाद से साहू फरार थे.
साहू के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था. जिसके बाद पुलिस यूपी और उत्तराखंड में कई जगह दबिश दे रही थी. आर्य ने देहरादून के कैंट थाने में दर्ज कराई गई अपनी एफआईआर में कहा था कि साहू ने अपनी पहली शादी और बच्चों की बात छिपाकर उनसे 2004 में शादी की थी और उन्हें यह बात उनके अपने बच्चों के जन्म के बाद पता चली. उन्होंने अपने पति पर स्टाफ कर्मियों के सामने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और उनकी कंपनियों से उन्हें साजिश कर बाहर करने का भी आरोप लगाया था.
रोते हुए शेयर किया वीडियो
मंत्री ने साहू के खिलाफ मामला दर्ज कराने के बाद सोशल मीडिया पर रोते हुए खुद यह जानकारी दी. अपने वीडियो के साथ मंत्री ने एक ऑडियो क्लिप भी जारी की थी जिसमें साहू कथित तौर पर किसी अन्य महिला के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रचने संबंधी बात करते सुनाई देते हैं. 
विवादित ऑडियो में क्या था?
इस ऑडियो में एक महिला को वकालतनामा में दस्तखत करने और जेल जाने के लिए तैयार रहने को कहा जा रहा है. ऑडियो में कैबिनेट मंत्री के पति एक महिला से बात करते हुए कह रहे हैं, ''उससे (मंत्री से) से मेरा हिस्सा और बंटवारा हो रहा है. दस्तखत हो जाएंगे, फिर तुम देखना, हमारा हिसाब किताब हो तो हम मोर्चा लेंगे. तुम क्यों चिंता कर रही हो. वो रेखा का तगड़ा दुश्मन हो गया है. रेखा ने रिंकू के नाम FIR करा दी है. हम इसलिए नहीं करा रहे हमारा हिसाब-किताब हो तो हम भी कराएंगे. हिसाब-किताब होने दो, तुम इतनी संघर्ष करने वाली हो, घबरा जाती हो. हमें 25 लाख मिले, तुम्हें भेज दिए. हम तुम्हें मजबूत कर रहे हैं.''
मंत्री के पति ने क्या दावा किया?
वहीं, पत्नी द्वारा मामला दर्ज कराए जाने के बाद साहू ने भी एक वीडियो जारी कर अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को झूठा बताते हुए मंत्री से मामला वापस लेने को कहा था. उन्होंने आर्य के पास 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति होने का दावा भी किया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इसकी जांच कराने को कहा. साहू ने आर्य द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए ऑडियो को भी AI की मदद से बनाया गया बताया और कहा कि ऐसा परिवार तोड़ने के मकसद से किया गया है.
'गोलू बाबा' की कसम खाकर बोलीं मंत्री- 'वायरल ऑडियो सही है'
उधर, पति के आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री ने अस्पताल से बयान जारी कर सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया. रेखा आर्य ने पति की चुनौती कबूल करते हुए कहा कि हम अपने इष्ट देव गोलू बाबा की कसम खाकर कहते हैं उनके द्वारा जारी किया गया ऑडियो सही है. वह एआई से नहीं बनाया गया है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb