चप्पल पहन परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी, कुछ लौटे, बदले कपड़े और फिर आए, समय पर पहुंचने के बावजूद परीक्षार्थियों को नहीं मिला प्रवेश
Candidates arrived to take the exam wearing slippers, some returned, changed clothes and came again, despite reaching on time, the candidates were not allowed entry
चप्पल पहन परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी, कुछ लौटे, बदले कपड़े और फिर आए
गरियाबंद : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा आज जिले भर में आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है. जिले के 24 परीक्षा केन्द्रों में सुबह से ही परीक्षार्थियों का पहुंचना शुरु हो गया है. इस परीक्षा में कुल 5748 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा का समय पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक निर्धारित है.
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरु होने से दो घंटे पहले यानि सुबह 9 बजे तक परीक्षा केन्द्रों में पहुंचना अनिवार्य किया गया था. ताकि फ्रिस्किंग, पहचान पत्र सत्यापन और अन्य सुरक्षा जांच समय पर की जा सके. परीक्षा शुरु होने से ठीक आधा घंटा पहले यानी 10.30 बजे परीक्षा केन्द्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
सभी केन्द्रों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) द्वारा जैमर लगाए गए हैं. ताकि किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक नकल को रोका जा सके. साथ ही, सभी परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई. हर केन्द्र में एक-एक कर्मचारी विशेष रुप से जैमर निगरानी में तैनात रहे.
परीक्षा के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का कड़ाई से पालन कराया गया. परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य किया गया. जूते प्रतिबंधित हैं. सिर्फ चप्पलों की अनुमति है. महिला परीक्षार्थियों को किसी भी तरह का आभूषण पहनना मना है.
आज सुबह कुछ परीक्षार्थी गलती से फुल आस्तीन की कमीज या कान में ज्वेलरी पहनकर परीक्षा केन्द्र पहुंच गए. जिन्हें केंद्र में प्रवेश से पहले समझाइश दी गई और वापस भेजा गया ताकि वे नियम अनुसार कपड़े बदलकर दोबारा आ सकें. परीक्षा दल और प्रशासन की टीम हर परीक्षार्थी पर बारीकी से निगरानी रखी गई.
जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया. उड़नदस्ता दल लगातार केन्द्रों की निगरानी की. किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए सभी केन्द्रों पर संचार उपकरण व अन्य अनुचित साधनों का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया..
परीक्षा अधिकारियों ने बताया कि प्रवेश पत्र में सभी निर्देश पहले से साफ-साफ लिखे गए थे. बावजूद इसके कई परीक्षार्थी नियमों की अनदेखी करते हुए पहुंचे. जिन्हें मौके पर जागरुक किया गया और सुधार का मौका दिया गया.
फिलहाल परीक्षा केन्द्रों में परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखी जा रही है. और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण व नकलमुक्त बनाने की दिशा में काम कर रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
समय पर पहुंचने के बावजूद परीक्षार्थियों को नहीं मिला प्रवेश
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ में आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर एक बड़ी लापरवाही की खबर सामने आई है. बिलासपुर जिले के एक परीक्षा केंद्र में कुछ परीक्षार्थियों को समय रहते पहुंचने के बावजूद परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया. आरोप है कि परीक्षा शुरु होने से पहले ही केंद्र का गेट बंद कर दिया गया. जिससे लगभग एक दर्जन अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रह गए.
परेशान अभ्यर्थियों ने बताया कि वे तय समय के भीतर परीक्षा केंद्र पहुंचे थे. लेकिन उन्हें गेट के बाहर ही रोक दिया गया. उनका कहना है कि परीक्षा शुरु होने से कुछ मिनट पहले ही गेट बंद कर दिया गया. जबकि प्रवेश की समयसीमा पूरी नहीं हुई थी. गेट के बाहर खड़े अभ्यर्थियों ने जब अंदर जाने की कोशिश की. तो वहां तैनात स्टाफ ने उन्हें यह कहकर रोक दिया कि प्रवेश का समय खत्म हो चुका है.
इस लापरवाही से निराश परीक्षार्थियों का कहना है कि उन्होंने इस परीक्षा की तैयारी में महीनों की मेहनत की थी. लेकिन व्यवस्थाओं की खामियों की वजह से उन्हें अवसर से वंचित होना पड़ा. कुछ अभ्यर्थियों ने अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
परीक्षा के लिए प्रदेशभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे और निर्देश दिए गए थे कि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए. बावजूद इसके, समय रहते पहुंचे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश न मिलने से परीक्षा संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
इस मामले पर अब तक जिला प्रशासन या परीक्षा आयोजक व्यापम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. हालांकि अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रुप से उच्च अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाएंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



