छत्तीसगढ़ में शराब पार्टी के दौरान मचा बवाल, बर्खास्त सिपाही और इंस्पेक्टर में विवाद, इंस्पेक्टर ने सर्विस रिवाल्वर से किया फायरिंग
Chaos erupts during a liquor party in Chhattisgarh; dismissed constable and inspector clash, with inspector firing his service revolver
दुर्ग : दुर्ग शहर के एक मोहल्ले में मंगलवार रात शराब पार्टी के दौरान एक बर्खास्त सिपाही और पुलिस विभाग के एक चर्चित इंस्पेक्टर के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थप्पड़ और फायरिंग तक पहुंच गया. गनीमत रही कि फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ.
मिली जानकारी के मुताबिक मोहल्ले में शराब की महफिल सजी हुई थी. जिसमें कुछ पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, असामाजिक तत्व और कुछ राजनीतिक कार्यकर्ता भी मौजूद थे. सभी लोग शराब के नशे में थे. इसी दौरान बीयर की बोतल पकड़ाने की बात पर बर्खास्त सिपाही और इंस्पेक्टर के बीच कहासुनी हो गई.
बताया जा रहा है कि बर्खास्त सिपाही ने इंस्पेक्टर को बीयर की बोतल थमाई. जिसे इंस्पेक्टर ने अपनी बेइज्जती समझते हुए जमीन पर पटक दिया. इस पर बर्खास्त सिपाही भड़क गया और उसने इंस्पेक्टर को थप्पड़ मार दिया. थप्पड़ लगते ही इंस्पेक्टर ने गुस्से में अपनी सर्विस रिवाल्वर निकालकर फायर कर दिया. हालांकि गोली बर्खास्त सिपाही को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया.
फायरिंग की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया. वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया.
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर यह भी चर्चा है कि जिस स्थान पर शराब पार्टी हुई थी. वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अगले दिन डिलीट कर दी गई. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों एक-दूसरे को व्यक्तिगत रुप से नहीं पहचानते थे. फिलहाल यह मामला दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस या प्रशासन की तरफ से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



