जमीन विवाद में जानलेवा हमला, बीच-बचाव करने आए नाती की गई जान, सौतेली मां, पिता और भाइयों समेत 4 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

Deadly attack in land dispute, grandson who came to intervene died, 4 accused including step mother, father and brothers arrested within few hours

जमीन विवाद में जानलेवा हमला, बीच-बचाव करने आए नाती की गई जान, सौतेली मां, पिता और भाइयों समेत 4 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

जांजगीर चांपा : शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में जमीन का बंटवारा और एसईसीएल में नॉमिनी को लेकर हुए एक जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित कुल चार आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है. घटना ग्राम बिलारी की है. जहां पारिवारिक जमीन के बंटवारे को लेकर उपजे विवाद में एक युवक की जान ले ली गई.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी किशोर कुमार कुर्रे निवासी बिलारी ने 2 जून 2025 को थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े बेटे वीरेंद्र कुर्रे ने दूसरी शादी पचरी पकरिया निवासी कांति उर्फ सुशीला लहरे से की थी. इस शादी से हुए बेटे राकेश और राजेश के बीच मृतक नरेश (वीरेंद्र की पहली पत्नी का बेटा) से संपत्ति बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था.
2 जून की सुबह जब किशोर कुमार अपने घर के बाहर खड़ा था. तभी वीरेंद्र कुर्रे, उसकी पत्नी सुशीला, बेटे राकेश, राजेश और एक अन्य युवक रामशंकर के साथ वहां पहुंचे और जमीन के फौरन बंटवारे को लेकर बहस करने लगे. विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने किशोर कुमार और बीच-बचाव करने आए उसके नाती नरेश पर जानलेवा हमला कर दिया.
राजेश और राकेश ने नरेश को दौड़ाकर कार की तरफ ले जाकर पहले से रखे कत्ते से हमला किया. वहीं, सुशीला ने डंडे से जानलेवा वार किया. वारदात में नरेश गंभीर रुप से घायल हो गया. बीच-बचाव करने आई नरेश की पत्नी रानी कुर्रे और किशोर का छोटा बेटा कृष्ण कुमार भी हमले में घायल हो गए.
घायलों को पहले पामगढ़ अस्पताल और फिर बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया. जहां इलाज के दौरान नरेश की मौत हो गई. मामले में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 208/2025 धारा 191(2), 191(3), 109(1), 103(1) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और SDOP यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की. आरोपियों को पकड़ा गया और पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और डंडा भी जब्त कर लिया है. सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
ttps://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

गिरफ्तार आरोपी:
विरेंद्र कुर्रे, निवासी बिलारी थाना शिवरीनारायण (वर्तमान निवास: भटगांव, जिला सूरजपुर)
कांति उर्फ सुशीला कुर्रे, निवासी बिलारी थाना शिवरीनारायण (वर्तमान निवास: भटगांव, जिला सूरजपुर)
रामशंकर तुरी, निवासी सत्यानगर भैयाथान, जिला सूरजपुर
राकेश कुमार कुर्रे, निवासी बिलारी थाना शिवरीनारायण (वर्तमान निवास: भटगांव, जिला सूरजपुर)