स्कूल में घुसकर 9वीं के छात्र पर चाकू से हमला, मचा हड़कंप, बाउंड्री फांदकर पहुंचे, आरोपी भी निकले नाबालिग, 3 गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश जारी
Panic ensued after a 9th-grade student was attacked with a knife inside the school; the assailants entered by scaling the boundary wall. The accused turned out to be minors; three have been arrested, and a search is underway for the absconding suspects.
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ स्थित चक्रधर नगर शासकीय स्कूल में सोमवार को लंच ब्रेक के दौरान हिंसा की घटना सामने आई. आरोप है कि 6 से 7 बाहरी युवक स्कूल की बाउंड्रीवाल फांदकर परिसर में दाखिल हुए और कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले 16 साल के छात्र को बाहर बुलाया. इसके बाद दो युवकों ने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में छात्र के कमर के निचले हिस्से में गंभीर चोट आई. घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया. पुलिस ने नाबालिग 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
लंच ब्रेक के दौरान स्कूल में घुसे युवक
मिली जानकारी के मुताबिक चक्रधरनगर के सरकारी स्कूल में छात्र मौजूद था और लंच ब्रेक चल रहा था. इसी दौरान कुछ युवक स्कूल की बाउंड्रीवाल पार कर परिसर में पहुंच गए. उन्होंने 9वीं कक्षा के छात्र को बाहर बुलाया. आरोप है कि इसके बाद दो युवकों ने छात्र पर चाकू जैसे हथियार से वार किया. हमले में छात्र के कमर से नीचे चोटें आई हैं. घटना के बाद छात्र के सहपाठियों ने तत्काल स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी दी.
पुलिस ने नाबालिग 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
वारदात की खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर हमले में शामिल दो आरोपियों के साथ मारपीट में शामिल एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित छात्र और आरोपियों के बीच पहले से दोस्ती थी. कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस फिलहाल इसी विवाद को हमले की वजह मानकर मामले की जांच कर रही है.
स्कूल की सुरक्षा पर उठे सवाल
स्कूल परिसर में बाहरी युवकों के प्रवेश और छात्र पर चाकू से हमला होने के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. घटना के विरोध में मंगलवार को लोगों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
पूछताछ में तीनों ने नाबालिग छात्र से मारपीट करना कबूल किया. पुलिस पूछताछ में पुरानी दोस्ती और विवाद को लेकर हमले की बात सामने आई है. पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है. प्राचार्य की शिकायत पर चक्रधरनगर पुलिस ने केस दर्ज किया. मामले की जांच जारी है.
जल्द पकड़ में होंगे बाकी आरोपी
एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने इस बारे में कहा कि चक्रधरनगर के शासकीय स्कूल में लंच ब्रेक के समय कुछ बाहरी लड़के भीतर घुस आए. उन्होंने नाबालिग छात्र को क्लास से बाहर बुलाया और फिर उसके साथ मारपीट की. आरोपियों ने छात्र पर चाकू जैसे हथियार से हमला भी किया. इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले. छात्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान की और तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया. अन्य की तलाश जारी है. उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



