हॉस्पिटल में बच्चों का सौदा, सरकारी अस्पताल से नवजात बच्ची को नर्स ने किया गायब, दूसरी दंपत्ति को दे दिया गोद, तीन आरोपी गिरफ्तार

Dealing of children in the hospital, nurse made a newborn baby girl disappear from the government hospital, gave her for adoption to another couple, three accused arrested

हॉस्पिटल में बच्चों का सौदा, सरकारी अस्पताल से नवजात बच्ची को नर्स ने किया गायब, दूसरी दंपत्ति को दे दिया गोद, तीन आरोपी गिरफ्तार

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पत्थलगांव के सरकारी अस्पताल में ड्यूटी कर रही नर्स ने एक नवजात बच्ची को उसके माता-पिता से इलाज के बहाने ले जाकर अवैध तरीके से एक दंपत्ति को सौंप दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नर्स समेत गोद लेने वाले दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक पत्थलगांव के कोडेकेला घरजियाबथान निवासी सुखदेव नाग उम्र 45 साल ने थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पत्नी दिलासो बाई ने 28 अगस्त को शासकीय अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया. 30 अगस्त को अस्पताल से छुट्टी के समय नर्स अनुपमा टोप्पो उम्र 33 साल निवासी गिरांग, जशपुर ने बच्ची को टीका लगाने के बहाने ले गई और माता-पिता को भरोसा दिलाया कि बच्ची की तबीयत बिगड़ गई है और इलाज के लिए बाहर भेजना होगा.
नर्स ने बच्ची के पिता से कुछ कागजों पर दस्तखत भी करवा लिया. इस दौरान कोरबा निवासी निशिकांत मिंज उम्र 43 साल और उनकी पत्नी सुमन वानी मिंज उम्र 43 साल भी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि बच्ची का इलाज वे कराएंगे और बाद में बच्ची लौटा देंगे. लेकिन समय बीतने पर जब बच्ची वापस नहीं मिली तो परिजनों को शक हुआ. पड़ताल करने पर खुलासा हुआ कि बच्ची को कोरबा निवासी दंपत्ति को अवैध तरीके से सौंप दिया गया है.
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में आरोपियों के खिलाफ जेजे एक्ट की धारा 80 और 81 के तहत जुर्म दर्ज किया गया. इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कोरबा के दंपत्ति से बच्ची गोद लेने के वैध दस्तावेज मांगे तो वे कुछ भी पेश नहीं कर सके. सबूत मिलने पर पुलिस ने नर्स अनुपमा टोप्पो, दंपत्ति निशिकांत और सुमन वानी मिंज तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नवजात बच्ची को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रखा है.
आरोपी
1.अनुपमा टोप्पो, उम्र 33 साल निवासी ग्राम गिरांग, थाना सिटी कोतवाली जशपुर (छ ग)
2. निशिकांत मिंज, उम्र 43 साल निवासी बलगी रोड, लाटा, थाना दर्री, जिला कोरबा, (छ ग)
3. सुमन वानी मिंज उम्र  43 साल निवासी बलगी रोड, लाटा, थाना दर्री, जिला कोरबा, (छ ग)
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t