नशे में धुत युवकों ने किया टीआई और पुलिसकर्मियों पर हमला, महिला आरक्षक की फाड़ी वर्दी, पांच आरोपी गिरफ्तार, तीन अब भी फरार, तलाश जारी
Drunken youths attacked the TI and policemen, tore the uniform of a female constable, five accused arrested, three still absconding, search continues.
बिलासपुर : बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र में होली के दिन पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कानून के हाथ आखिरकार आरोपियों की गिरेबान तक पहुंच गए. बिल्हा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश देकर पांच आरोपियों को धर दबोचा। हालांकि घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं. जिनकी सरगर्मी से तलाश जारी है. पकड़े गए सभी आरोपियों से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक होली के पर्व पर जब पुलिस शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मुस्तैद थी उसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने कानून के रखवालों को ही अपना निशाना बना लिया. पुलिस दल पर हुए इस हमले के बाद से ही महकमे में हड़कंप मचा हुआ था. आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति बनाई और मुखबिरों की खबर के आधार पर लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. पुलिस ने निपानिया गांव से पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की.
पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी बिल्हा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले निपानिया गांव के ही निवासी हैं. पकड़े गए आरोपियों में 30 वर्षीय कामता यादव पिता मनोहर यादव 30 वर्षीय लोकेश पटेल पिता हरिश्चंद्र पटेल 50 वर्षीय मनोहर यादव पिता स्वर्गीय रामध्यान यादव 28 वर्षीय अजीम मोहम्मद पिता अनवर मोहम्मद और 33 वर्षीय जावेद मोहम्मद पिता मकसूद मोहम्मद शामिल हैं.
पुलिस हिरासत में इन सभी से घटना को लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि हमले की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान घटना में शामिल अन्य असामाजिक तत्वों के बारे में भी अहम जानकारियां जुटाई जा रही हैं. फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. अधिकारियों ने साफ किया है कि जांच के दौरान जरुरत पड़ने पर और भी संदिग्धों की गिरफ्तारी हो सकती है.
खाकी पर हमले की इस सनसनीखेज घटना के बाद से बिल्हा और उसके आसपास के क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी काफी बढ़ा दी गई है. चौक चौराहों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आग्रह किया है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को खबर करें.
पुलिस विभाग ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों और व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



