चोरी का विरोध करने पर बुजुर्ग दंपत्ति को उतारा मौत के घाट, नकली बाल और मास्क लगाकर घुसे हत्यारे, फोटोग्राफर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
Elderly couple murdered for resisting theft, killers wearing fake hair and masks, 4 accused including photographer arrested
जांजगीर-चांपा : खपरी डबल मर्डर केस का खुलासा हो गया है. गांव के ही दो नशेड़ियों ने होली का मुखौटा पहनकर बुजुर्ग साहू दंपती की हत्या की थी. आरोपियों को भागने में दो लोगों ने मदद की थी. मामले में पुलिस ने थाना मूलमुला के बदमाश सहित 4 आरोपी ग़िरफ़्तार करने में कामयाबी पाई है.
मिली जानकारी के मुताबिक घटना के तीन दिन पहले मृतक छतराम साहू के घर शादी थी. जिसमें हत्या के मुख्य आरोपी फोटोग्राफर गजेंद्र पाल ने फोटोग्राफी की थी. साहू दंपती की हत्या के आरोपियों तक पहुंचने के लिए बनाई गई पुलिस टीम ने घटनास्थल पर मिले खून सने पैर के निशान से परिजनों को भी जांच के दायरे में लिया था. इसके साथ आस-पास के क्षेत्रों के 50 निगरानी बदमाशों की लिस्ट बनाई थी.
आरोपी गजेंद्र पाल और उसका साथी सुरेंद्र यादव, दोनों ही नशे के आदी बताए जा रहे हैं। उन्होंने अपनी पहचान छुपाने के लिए होली का मुखौटा और नकली बाल पहने, ताकि कोई उन्हें पहचान न सके.
वारदात की रात आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए. उनका मकसद चोरी करना था. लेकिन जैसे ही बुजुर्ग दंपति की नींद खुली. हालात अचानक बदल गए. पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. दोनों को इतनी बेरहमी से मारा गया कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
पूछताछ में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि आरोपियों ने तीन दिन पहले ही इस वारदात की नींव रख दी थी. मृतक के घर में आयोजित शादी समारोह में वे फोटोग्राफी के बहाने पहुंचे थे. उसी दौरान उन्होंने घर का पूरा मुआयना किया और यह समझ लिया कि किस रास्ते से आसानी से घुसा जा सकता है.
जांच के दौरान पुलिस की नजर मुख्य आरोपी गजेंद्र पाल पर गई. उसके हाथ में ताजा चोट के निशान मिले. जिसने पुलिस के शक को और गहरा कर दिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरा सच उगल दिया और अपने साथी का नाम भी बताया.
पुलिस ने मुख्य आरोपी गजेंद्र पाल और सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, आरोपी को फरार कराने में मदद करने के आरोप में गजेंद्र पाल के पिता सहित दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है. इस तरह इस केस में कुल चार आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं.
आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, मोटरसाइकिल, सोने की चैन और अन्य सामान जब्त किया गया है. साथ ही होली का मुखौटा और नकली बाल भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं, जो इस पूरी साजिश का अहम हिस्सा थे.
चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई और बड़ी साजिश या नेटवर्क तो नहीं है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



