आबकारी अफसर को कई घंटे बनाया बंधक, टीम पर ग्रामीणों का हमला, मुखबीर और चालक की पिटाई, गाड़ी में तोड़फोड़, अवैध वसूली का आरोप
Excise officer held hostage for several hours, villagers attack team, informant and driver beaten, vehicle vandalized, and allegations of illegal extortion
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कार्रवाई करने गई आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. ग्रामीणों ने अधिकारी को ढाई घंटे तक बंधक बनाकर रखा. वहीं मुखबिर और चालक की जमकर पिटाई की. वहीं गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई. घटना की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची. गांव में तनाव का माहौल हो गया. यह मामला उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा गांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक आबकारी विभाग की टीम नारायण सिंह कंवर के नेतृत्व में स्कॉर्पियो से कार्रवाई करने भैसमा गांव गई थी. टीम में दो वर्दीधारी कर्मचारी, एक मुखबिर और चालक थे. इस दौरान ग्रामीणों के साथ विवाद के हालात बन गए. किसी तरह टीम वहां से भगाने का प्रयास करती रही लेकिन ग्रामीणों ने टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर को घेरकर रोक लिया. वहीं मुखबिर पताड़ी निवासी प्रमोद देवांगन की जमकर पिटाई की. स्कॉर्पियो चालक की भी ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की. बाकी स्टाफ किसी तरह वहां से भागने में कामयाब हुए.
स्टाफ ने घटना की खबर उच्च अधिकारियों को दी. वहीं फौरन 112 टीम को मौके पर बुलाया गया. लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश बहुत ज्यादा था इसके चलते 112 की टीम को उल्टे वापस जाना पड़ा. इसके बाद उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह नारायण सिंह कंवर को ग्रामीणों के चंगुल से बाहर निकाला. सभी आबकारी विभाग के अधिकारी कर्मचारी उरगा थाना पहुंचे. पुलिस को घटना क्रम की जानकारी देते हुए घटना की शिकायत की जा रही है.
बताया जा रहा है कि ग्रामीण मुखबिर प्रमोद देवांगन के खिलाफ काफी आक्रोशित थे. उनका आरोप है कि प्रमोद मुखबिरी कर कार्रवाई करवाता है और लोगों से अवैध वसूली भी करता है. इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की है. मिली जानकारी के मुताबिक मारपीट के दौरान आबकारी विभाग के वाहन में भी तोड़फोड़ की गई है. इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की जांच कार्रवाई में जुटी है.
इस मामले में आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि उन्हें फोन पर घटना की जानकारी मिली. अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह फौरन इसकी शिकायत पुलिस से करें. वहीं कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि मारपीट की शिकायत आबकारी विभाग द्वारा की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



