5 साल बाद लिया थप्पड़ का बदला, टाटा सफारी से कुचलकर ली जनपद पंचायत उपाध्यक्ष के पति और दोस्त की जान, तीन आरोपी गिरफ्तार

Five years later, the husband and friend of the district panchayat vice-president were crushed to death by a Tata Safari; three accused arrested.

5 साल बाद लिया थप्पड़ का बदला, टाटा सफारी से कुचलकर ली जनपद पंचायत उपाध्यक्ष के पति और दोस्त की जान, तीन आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद : महासमुंद जिले में 2 दिन पहले हुई जनपद उपाध्यक्ष के पति और उसके दोस्त की मौत पर बड़ा खुलासा हुआ है. ये कोई साधारण सड़क हादसा नहीं बल्कि एक सोची समझी साजिश के तहत की गयी हत्या थी. सिर्फ एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए इसे अंजाम दिया गया. वो थप्पड़ जो 5 साल पहले आरोपी को पड़ा था.
मिली जानकारी के मुताबिक महासमुंद मे जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर का पति जितेंद्र चंद्राकर और उसका दोस्त अशोक साहू महासमुंद शहर से अपने गृह ग्राम बेलसोंडा स्कूटी से लौट रहे थे. उन्हें नहीं पता था कि आगे मौत उनका इंतजार कर रही है. रास्ते में काफी अंधेरा भी था. सड़क सुनसान होती जा रही थी. इसी दौरान करीब रात 8 बजे रास्ते में साराडीह मोड़ के पास दोनों पहुंचे ही थे कि एक कार ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी.
कार महासमुंद निवासी अमन अग्रवाल चला रहा था. वो पहले से ही अपनी नई खरीदी हुई टाटा सफारी में उनका इंतजार कर रहा था. अमन ने स्कूटी को पीछे से इतनी तेज टक्कर मारी कि दोनों दोस्त सड़क पर जा गिरे. अमन का गुस्सा यहीं नहीं रुका. उसने जानबूझकर पहले जख्मी पड़े जितेंद्र चंद्राकर और फिर अशोक साहू को अपनी गाड़ी से बार बार कुचला. जिससे जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि अशोक को नाजुक हालत में रायपुर ले जाया गया. रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया.
हादसे के फौरन बाद ही आरोपी अमन अग्रवाल ने कोतवाली पहुंच कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया. जिससे सब को लगे कि यह एक सिर्फ हादसा ही है. पुलिस ने भी पहले सामान्य एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर जांच शुरु की. लेकिन धीरे-धीरे पुलिस जांच में मामला परत दर परत खुलने लगा.
पुलिस जांच में यह सामने आया कि महासमुंद जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर के पति जितेंद्र चंद्राकर की नेशनल हाइवे 353 पर फ्लाई ब्रिक्स की फैक्ट्री है. वहीं आरोपी अमन अग्रवाल की भी थोड़ी ही दूर पर जमीन है. जहां 5 साल पहले जमीन को लेकर दोनों के बीच विवाद और हाथापाई हुई. इस पर जितेन्द्र ने अमन अग्रवाल को जोरदार थप्पड़ लगा दिया था. इसके बाद अमन और जितेंद्र के बीच 5 साल से पुरानी दुश्मनी चल रही थी.
इस कांड के बाद जांच और पूछताछ में अमन अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि एक थप्पड़ की गूंज पिछले 5 सालों से उसके कानों में गूंज रही थी. उसी थप्पड़ का बदला उसने इस डबल मर्डर से लिया है. अमन ने हत्या करना कबूल करते हुए बताया कि वह जितेंद्र चंद्राकर की हर हरकत पर नजर रखता था. इसके लिए उसके 2 दोस्त विजेंद्र विश्वकर्मा और अजित बघेल ने उसका साथ दिया है.
विजेंद्र विश्वकर्मा घोड़ारी में एक गैरेज चलाता है. जिसने अमन अग्रवाल के साथ मिलकर जितेन्द्र चंद्राकर की रेकी की और कत्ल करने में शामिल रहा. साथ ही दूसरा साथी अजित बघेल जदूरी का काम करता था. और विजेंद्र विश्वकर्मा का दोस्त था. मुख्य आरोपी अमन ने पुलिस को आगे बताया कि 4 अक्टूबर की रात को वह अपने साथ हुए अपमान का बदला लेने की ठान चुका था और उसे सराडीह मोड़ पर अंधेरा होने का फायदा मिल गया. महासमुंद की तरफ से सराडीह मोड़ पर जैसे ही जितेंद्र चंद्राकर अपने दोस्त अशोक साहू के साथ तब अमन अग्रवाल ने अपनी नई कार उन पर चढ़ा दी.
आरोपी अमन तब तक उन्हें रौंदता रहा जब तक दोनों मर नहीं गए. अमन ने अशोक साहू की हत्या करने के पीछे की वजह भी बताई. कहा कि अगर वो बच जाता तो सब भांडा फुट जाता इसलिए उसने अशोक को भी कुचल कर मार दिया. घटना को अंजाम देने के बाद अमन मौके से फरार होकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गया और अपने आपको पुलिस के हवाले कर दिया.
हादसे के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को इस घटना की खबर दी थी. पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. जांच में यह भी साफ हुआ कि मृतकों के शरीर पर जो निशान थे. वह एक सामान्य दुर्घटना के नहीं थे. बल्कि बेहद निर्ममता से कुचलने के थे. साथ ही फॉरेंसिक टीम ने पाया कि जो गाडी के पहियों के निशान थे. वह बार-बार आगे पीछे हुए थे. इससे यह साफ हो गया कि हत्या जानबूझकर की गई थी.
पूरे मामले पर 2 दिनों बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया की पहले आरोपी पर एक्सीडेंट के लिहाज से FIR की गई. लेकिन जांच के बाद 103(1) हत्या और 61(2) साजिश जैसी गंभीर धाराएं जोड़ी गयी. मुख्य आरोपी अमन अग्रवाल, वीरेंद्र विश्वकर्मा और अजित बघेल को गिरफ्तार कर लिया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t