अब बायोमेट्रिक से होगा राशन वितरण, कलेक्टर- किसानों को समय पर खाद का वितरण सुनिश्चित करें, स्कूल संचालन और योजनाओं की प्रगति पर दिए निर्देश
Now ration will be distributed through biometrics, Collector- ensure timely distribution of fertilizers to farmers, instructions given on school operation and progress of schemes
महासमुंद-सौरव सत्पथी की कलम : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं और निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की. बैठक में जिला पंचायत सीईओ एस आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू एवं रविराज ठाकुर एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में कलेक्टर लंगेह ने विशेष रुप से निर्देश दिया कि बरसात के मौसम में स्कूली बच्चों को नदी-नाले पार कर स्कूल जाने की अनुमति न दी जाए. सभी सीईओ सुनिश्चित करें कि बच्चों के आवागमन के लिए सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो. कलेक्टर ने बेहद जर्जर भवनों में स्कूल या आंगनबाड़ी का संचालन नहीं करने के निर्देश दिए हैं.
उन्होंने कहा कि अगर किसी भवन में माइनर रिपेयर की जरुरत है तो फौरन बीईओ के जरिए मरम्मत के प्रस्ताव भेजे जाएं. जहां आंगनबाड़ी भवन उपलब्ध नहीं है या किराए के भवन में संचालित हो रही है. वहां के लिए नवीन भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश भी दिया गया. इस बारे में सभी एसडीएम को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई. जिले में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कार्य एजेंसियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिया गया.
कलेक्टर ने धरती आबा जनजाति उत्कर्ष अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए पंजीयन में और गति लाने के निर्देश दिया. अभियान अंतर्गत अब तक जिले में 18 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं. जिसमें 1482 लाभार्थियों का विभिन्न सेवाओं के लिए पंजीयन किया गया है. यह शिविर 30 जून तक संचालित रहेंगे. साथ ही “एक पेड़ मां के नाम“ अभियान की भी समीक्षा की गई.
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कहा कि लगाए गए सभी पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. ग्राम जोरातराई और धनसूली में बहुद्देशीय केंद्र के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश आदिवासी विकास विभाग को दिया गया. कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य जुलाई तक पूरे कर लिया जाएं. मोर गांव मोर पानी अभियान अंतर्गत डबरी निर्माण और जनभागीदारी से सोख्ता गड्ढा निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिया गया. जिले में करीब 1300 बोर ऐसे हैं जो बंद हो चुके हैं या खराब हो गए हैं. इन बोरों में इंजेक्शन वाल के जरिए वाटर रिचार्ज की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश भी दिया गया.
कलेक्टर ने खाद-बीज वितरण की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक है. इसका समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए. निजी दुकानों में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश एसडीएम को दिया गया. उन्होंने कहा कि वितरण के बाद पॉस मशीन में फौरन एंट्री की जाए और डीएपी के विकल्प के रुप में सुपरफास्ट और यूरिया भी किसानों को उपलब्ध कराई जाए.
कलेक्टर ने कहा कि हितग्राहियों को तीन माह का एकमुश्त राशन सुरक्षित तरीके से वितरित किया जाए. इसके लिए रोस्टर बनाया जाए और पटवारी और सचिवों की ड्यूटी लगाई जाए. खाद्य अधिकारी ने बताया कि राशन वितरण अब बायोमेट्रिक पद्धति से किया जाएगा. इससे वितरण में आसानी होगी. जिले के सभी 593 दुकानों में बायोमेट्रिक मशीनें स्थापित कर ली गई हैं. कलेक्टर ने निर्देश दिया कि ई-केवाईसी अभियान 30 जून तक हर हाल में पूरी किया जाए. उन्होंने कहा कि मृत हितग्राहियों के नाम अनिवार्य रुप से राशन कार्ड से हटाए जाएं. यह आख़री मौका है.
इस मौके पर बैठक में पीएम जनमन, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई. जिले में अवैध शराब बिक्री पर रोक के लिए लगातार छापेमारी के निर्देश दिया. राजस्व एवं खनिज विभाग को अवैध रेत उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन पर निगरानी रखने के निर्देश दिया. कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का जल्द और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए. कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें. किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



